जयपुर। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया और ज़ी एंटरटेनमेंट मर्ज एग्रीमेंट साइन कर लिया है। ज़ी एंटरटेनमेंट ने बुधवार को जानकारी दी कि कंपनी के निदेशक मंडल ने 21 दिसंबर, 2021 को हुई अपनी बैठक में ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड, बांग्ला एंटरटेनमेंट एंड प्राइवेट लिमिटेड (बीईपीएल) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बीच विलय को लेकर मंजूरी दी।
मर्ज के बाद नई कंपनी में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया की 50.86 फीसदी हिस्सेदारी होगी जबकि ज़ी की मौजूदा होल्डिंग फर्म एस्सेल की 3.99% हिस्सेदारी होगी। वहीं, सार्वजनिक शेयरधारकों के पास 45.15% शेयर होंगे। । पुनीत गोयनका विलय की गई इकाई के प्रबंध निदेशक और सीईओ बने रहेंगे। विलय होने के बाद जल्द ही इस नई संयुक्त इकाई को भारत में सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध किया जायेगा। वहीं लेन-देन का समापन कुछ प्रथागत समापन शर्तों के अधीन है, जिसमें नियामक, शेयरधारक और तृतीय-पक्ष अनुमोदन शामिल हैं।
सितंबर में दी सैद्धांतिक मंजूरी
बता दें कि सितंबर में, Zee ने घोषणा की थी कि उसके बोर्ड ने सर्वसम्मति से Sony Pictures Networks India (SPNI) के साथ विलय करने का फैसला लिया है। और विलय के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की थी। कंपनियों ने कहा कि एसपीएनआई के पास एसपीएनआई के मौजूदा शेयरधारकों और ज़ी के प्रमोटरों द्वारा निवेश सहित, सौदे के करीब 1.5 बिलियन डॉलर का नकद शेष होगा।
कंपनियों का मानना है कि इस सौदे से उन शीर्ष शेयरधारकों के दबाव में भी कमी आएगी, जिन्होंने सितंबर में प्रबंधन में फेरबदल का आह्वान किया था, जिसमें कॉर्पोरेट प्रशासन की चिंताओं के बीच सीईओ पुनीत गोयनका को बोर्ड से हटाना भी शामिल था।