Bundi :जिले में वन मण्डल के माध्यम से रोपे जाएंगे 12.41 लाख पौधे
बून्दी, 13 जुलाई। नवीन राज्य वन नीति 2023 के लक्ष्यों को पूरा करने के उद्देश्य से बूंदी जिले में वन मण्डल के माध्यम से 12.41 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
उपवन संरक्षक तरुण मेहरा ने बताया कि वन विभाग द्वारा वन भूमियों पर विभिन्न विभागीय योजनाओं से 4.41 लाख पौधारोपण, टीओएफआर योजना के तहत विभिन्न सरकारी विभागों, निकायों, संस्थाओं, एनजीओ, उपक्रमों के माध्यम से उनकी भूमि पर 4 लाख पौधारोपण, आमजन को पौध विक्रय कर उनकी निजी भूमियों पर 4 लाख पौधारोपण होंगे।
उन्होंने बताया कि टीओएफआर योजना का उद्देश्य मात्र विभिन्न विभागों तथा निजी कंपनियों, एनजीओ को पौध विक्रय करना ही नहीं है बल्कि इन पौधों की देखरेख भी सुनिश्चित करना हैं। जिसके लिए पौधों की निगरानी तथा जीवितता प्रतिशत का मूल्यांकन जिला टास्क फोर्स (टीओएफआर) के अध्यक्ष जिला कलक्टर के निर्देशन में उप वन संरक्षक द्वारा किया जाएगा। इससे बून्दी जिले की हरियाली तथा वृक्षाच्छादित क्षेत्र में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी।उन्होंने बताया कि इस बार तकनीकी आधुनिकता को देखते हुए वन विभाग द्वारा ऑनलाईन पौघ विक्रय का भी प्रावधान किया गया है। जिसका लिंक http://aaranyak.forest.rajasthan.gov.in/ & http://fmdss.forest.rajasthan.gov.in/ हैं।