जयपुर। पंजाब के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की पुण्यतिथि पर राज्यकीय अवकाश की घोषणा की है। भगवंत मान ने मंगलवार को विधानसभा में बोलते हुए कहा कि, " मैं पंजाब में शहीद भगत सिंह की पुण्यतिथि पर पूरे राज्य में अवकाश की घोषणा करता हूं ताकि लोगों को लोगों को शहीद भगत सिंह के जन्म स्थान खटकर कलां गांव जाने और स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि देने का मौका मिलेगा।"
इसके अलावा आज पंजाब विधानसभा में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, बीआर अंबेडकर और महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद भगवंत मान ने 16 मार्च को स्वतंत्रता सेनानी के पैतृक गांव खटकर कलां में आयोजित एक भव्य समारोह में पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मान ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक वीडियो संदेश के माध्यम से राज्य के लोगों को आमंत्रित किया था और उनसे 'बसंती (पीली)' पगड़ी और महिलाओं को 'पीला' दुपट्टा पहनने का आग्रह किया था।
बता दें कि पंजाब में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव (20 फरवरी) में AAP को प्रचंड बहुमत मिला था। पार्टी राज्य के 117 निर्वाचन क्षेत्रों में से 92 पर विजयी हुई। इसने कांग्रेस को हराया जो 2017 के राज्य चुनाव में 77 से नीचे, केवल 18 सीटें जीतने में सफल रही।