जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम डिपार्टमेंट की टीम ने एक 55 वर्ष की महिला से आधा किलो से ज्यादा सोना बरामद किया है। इस सोने की कीमत 30 लाख 64 हजार रूपये बतायी जा रही है। महिला दिल्ली की रहने वाली है और वह बुधवार सुबह शारजाह से एयर अरेबिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंची थी।
अंडरगारमेंट में छूपाया
असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण ने बताया कि महिला 618.40 ग्राम सोना अंडरगारमेंट में छुपाकर लाई थी। जिसकी कीमत 30 लाख 64 हजार रूपये है। सोना कपड़े की थैली में रखा गया था, जो ब्लैक कार्बन शीट में लिपटा था। देखने में यह आर्टिफिशियल स्टोन की तरह लग रहा था।
असिस्टेंट कमिश्नर का कहना है कि तस्कर महिला दिल्ली की रहने वाली है, जिसका बेटा दुबई एक होटल में काम करता है। बेटे से मिलने के लिए महिला 7 दिन पहले दुबई गई थी। वह बुधवार सुबह शारजाह से एयर अरेबिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंची थी। जयपुर एयरपोर्ट पर मेटल डिटेक्टर जांच के दौरान अधिकारियों को महिला पर शक हुआ। जिसके उपरांत जांच करने पर उसके अंडरगारमेंट से एक कागज की थैली निकली। इसमें दो पॉलीथिन के पैकेट थे। इसी में सोना रखा गया था।
कागज के पैकेट में बरामद दोनों पॉलीथिन कार्बन पेपर में पैक थीं। उसमें लाल और काले रंग के दो पैकेट थे।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे यह सोना एक व्यक्ति को देना था। जिसके बदले में उसे 15000 रूपये और एक दुबई की एयर टिकट कराने का वादा किया गया था। उन पैकेट को काटा तो उसमें पेस्ट के फॉर्म में सोना निकला। बता दें कि इससे पहले जयपुर में एक महीने में सोना तस्करी के 4 मामले पकड़े जा चुके हैं।