पूरी दुनिया कोविड-19 विश्वव्यापी महामारी से त्रस्त है। कोरोनावायरस ने जैसे पूरी दुनिया को जाम कर दिया हो! धरती के सारे पेड़-पौधों, जंतुओं और सूक्ष्मजीवियों को अपने नियंत्रण में रखने वाली मानव प्रजाति ने एक सूक्ष्मतम जीव के सामने घुटने टेक दिए हैं। जीव भी वास्तव में नहीं, केवल एक जीव और निर्जीव के बीच का अर्ध-जीव। जिस मानव जीव की अनुकम्पा के बिना, एक बीज भी अंकुरित नहीं हो सकता, वह स्वयं एक वायरस की अनुकम्पा पर निर्भर हो गया है। कोरोनावायरस अचानक ही अवतरित नहीं हो गया था। वह धरती पर पहले से ही विद्यमान था, लेकिन मानव प्रजाति से दूर। आदमी ने तो उसे “आ कोरोना मुझे मार” कहकर अपनी बस्तियों में बुला लिया है।