अम्बेडकर युवा संगठन, महेश नगर ने मनाया बाबा साहेब अम्बेडकर की जयंती

JAIPUR
अम्बेडकर युवा संगठन, महेश नगर, जयपुर के तत्वावधान में सामुदायिक केंद्र, महेश नगर, जयपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का 131वां जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में डॉ. अर्चना शर्मा, अध्यक्ष- समाज कल्याण बोर्ड, राजस्थान रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती तारा बेनीवाल - पार्षद, वार्ड नं. 140, महेश नगर जयपुर ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ संजय कुमार थे। कार्यक्रम के अन्य अतिथियों में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद जाखड़, समग्र समाज सेवा समिति के अध्यक्ष जे.सी. आर्य, युवा क्रांतिकारी नेता रोशन मुंडोतिया तथा राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र नेता रोहिताश्व मीना थे। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि भेंट कर किया गया। तत्पश्चात अम्बेडकर युवा संगठन के अध्यक्ष एवं राजस्थान विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार वर्मा ने स्वागत भाषण देते एवं संगठन के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ. अर्चना शर्मा ने अम्बेडकर जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये गये रास्तों पर चलने का आव्हान किया और कहा कि अम्बेडकर किसी वर्ग विशेष के नेता न होकर सर्व समाज के नेता हैं परंतु संकुचित राजनीति के चलते उन्हें वर्ग विशेष तक सीमित कर दिया गया है। डॉ. संजय कुमार ने अम्बेडकर जी के विचारों और सिद्धांतों पर बल देते हुए उन्हें जीवन मे आत्मसात करने पर बल दिया और बताया की समाज की सभी समस्याओं का हल केवल अम्बेडकरवाद में निहित है। विनोद जाखड़ ने कहा कि अम्बेडकर जी के बताये गये रास्तों पर चलना आज समाज की महत्ती आवश्यकता है और जब तक हम शिक्षित एवं संगठित होकर संघर्ष नही करके तब तक हमे हमारी समस्याओं से मुक्ति नही मिल सकती। युवा क्रांतिकारी नेता रोशन मुंडोतिया ने समाज की वर्तमान समस्याओं को सभी के सामने रखा और बताया कि सर्वसमाज को एक जुट होकर ही इन समस्याओं से लड़ना होगा तभी वास्तविक अर्थों में अम्बेडकर जी का सपना पूरा हो सकेगा। पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एवं समग्र समाज सेवा समिति के अध्यक्ष जे.सी. आर्य ने सभी सामाजों की एकता पर बल दिया और कहा कि वर्तमान समस्याओं की मूल जड़ विभिन्न समाजों के मध्य बढ़ती हुई वैमनस्यता है जिसे सर्वसमाज ही मिलकर दूर कर सकता है और तभी अम्बेडकर जी के सपनों के राष्ट्र का निर्माण सम्भव हो सकेगा। कलवाड़ा सरपँच रामदयाल वर्मा ने कहा की बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने किसी एक वर्ग विशेष के लिये काम न करके समाज के प्रत्येक वर्ग के लिये काम किया है चाहे वो समाज का दलित वर्ग हो, महिला वर्ग हो, किसान वर्ग हो, श्रमिक वर्ग हो या अन्य कोई वर्ग हो और यही कारण है कि उन्हें राष्ट्र निर्माता का दर्जा दिया जाता है। छात्र नेता रोहिताश्व मीना ने अम्बेडकर जी के संविधान निर्माण में अतुलनीय भूमिका पर विस्तार के चर्चा की और कहा है अम्बेडकर जी द्वारा निर्मित संविधान में सभी समस्याओं का हल निहित है, इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान का अध्ययन करना चाहिये। एडवोकेट मनोज पिंगोलिया ने बाबा साहेब द्वारा दिये गये मौलिक अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास मौलिक अधिकारों से ही सम्भव है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं टी वी डिबेटर मोहन लाल बैरवा ने एक होकर समाज की समस्याओं से लड़ने हेतु युवाओ को प्रेरित किया। कार्यक्रम के द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर जी के 131वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक भी काटा गया। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में बाबा साहेब अम्बेडकर की तस्वीर भेंट की एवं अंत मे सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में राजकुमार बैरवा, मनोज नोगिया, कमल बैरवा, हरेन्द्र बडेतिया, घनश्याम जगरवाल, विष्णु बडेतिया, विक्रम मौर्य, रामकुमार जाटव, शिवसिंह जाटव, हीरा लाल, प्रदीप कुमार, घनश्याम महावर, खेमचंद महावर, विजय कुमार,रूपेंद्र महावर, धीरज खांडेकर आदि समेत समाज के अनेक प्रबुद्धजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज नोगिया ने किया। कार्यक्रम के पश्चात सांय 07:30 बजे अम्बेडकर युवा संगठन के सौजन्य से डॉ भीमराव अम्बेडकर पार्क, महेश नगर में 1100 दीपक प्रज्ज्वलित किये गए जिसमे सभी लोगों ने बड़े हर्षोउल्लास के साथ भाग लिया।