-मतदान जागृति गीतों पर थिरकीं महिलाएं, चुनावी पाठशाला व संगोष्ठी से दिया शत प्रतिशत मतदान का संदेश
बूंदी 29 फरवरी। जिले में स्वीप कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत विविध आयोजन किए जा रहे हैं इसी क्रम में जिला इलेक्शन आइकॉन डॉ सर्वेश तिवारी के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में चुनाव का पर्व, देश का गर्व की थीम पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत संगोष्ठी के साथ एंबेसेडर ने चुनावी पाठशाला लगाकर महिला वोटर्स को मताधिकार के महत्व का पाठ पढ़ाया, साथ ही निर्वाचन विभाग के वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदान सुविधाओं से रूबरू करवाया गया। महिलाओं ने मतदान जागृति गीतों पर नृत्य के साथ मतदाता जागरूकता सामग्री के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम समन्वयक इलेक्शन आइकॉन डॉ. सर्वेश तिवारी ने बताया कि शहर के कागजी देवरा क्षेत्र में महावती टोला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर महिला वोटर्स को मतदान के लिए प्रेरित करने व क्षेत्र में व्यापक जनचेतनाकारी वातावरण निर्माण हेतु संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वोट हमारा अधिकार ही नहीं जिम्मेदारी भी विषय पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता खत्री ने की। महिलाओ को जागरुक करते हुए, खत्री ने कहा कि वोट करना हमारा अधिकार है साथ ही मतदाता होना हमारे लिए गर्व की बात भी है, हमे इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर आवश्यक रूप से वोट करना चाहिए व अन्य लोगों को भी जागृत करना चाहिए। इस अवसर पर संभागियों की ईवीएम व वोटिंग से जुड़ी शंकाओं का भी निदान किया गया।
बेटियों ने लगाई चुनावी पाठशाला
चुनावी पाठशाला के तहत कन्या महाविद्यालय की कैंपस एंबेसडर सिद्धि नामा व अक्षरा गौतम ने एक एक वोट का महत्व समझाया व आवश्यक रूप से वोटिंग के लिए जागरूक किया । उन्होंने वोटर हेल्पलाइन ऐप की जानकारी देते हुए कहा कि वोटर हेल्पलाइन एप प्रत्येक वोटर को अपना नाम जुड़वाने, पता या फोटो संशोधन के साथ वोटर कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा भी प्रदान करता है, इसे मोबाइल में आसानी से इंस्टॉल कर काम में लिया जा सकता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता डोली खत्री ने स्वागत उद्बोधन के साथ कार्यक्रम की जानकारी दी। एंबेसेडर द्वारा महिलाओं को शत प्रतिशत मतदान की शपथ दिलवाई गई। विभिन्न प्रकार की मतदान जागरूकता सामग्री व पोस्ट के माध्यम से महिला मतदाताओं को अपने परिवार व मोहल्ले में सभी व्यक्तियों से मतदान हेतु प्रेरित किया गया।
“जागो जागो मेरे देश के मतदाता, मतदान तो है जरूरी, चाहे जो हो मजबूरी”
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलगीतों के साथ रोचक वातावरण में हुआ। संभागी रिजवाना बानो, नगमा, मैना शर्मा, ललिता, डोली खत्री, चंद्रकला शर्मा, सावित्री शर्मा, सुशीला माली, अंतिम बाला, दिनेश गौतम, दीक्षा व वैशाली ने “जागो जागो मेरे देश के मतदाता, मतदान तो है जरूरी, चाहे जो हो मजबूरी” मतदान जागरूकता गीत पर नृत्य की प्रस्तुति द्वारा जन चेतनाकारी वातावरण निर्मित कर दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजू पटवा ने आभार प्रकट किया।