Rajasthan : गांधी के कारण PM मोदी का दुनिया में सम्मान, लोकतंत्र की जड़ें मजबूत: अशोक गहलोत

Banswara: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मोदी का सम्मान किया जाता है क्योंकि वे एक ऐसे देश के प्रधानमंत्री हैं, जिसकी लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं, जो कि महात्मा गांधी का देश है। गहलोत ने यह बात बांसवाड़ा के पास मानगढ़ धाम में 'मानगढ़ धाम के गौरव गाथा' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। गहलोत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी दुनिया भर के विभिन्न देशों का दौरा कर रहे हैं, तो उन्हें क्या सम्मान मिल रहा है। ऐसा क्यों हो रहा है… क्योंकि नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री हैं जो गांधी का देश है, जहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं, गहरी हैं। यहां 70 साल के बाद भी लोकतंत्र जिंदा रहा है।'

मानगढ़ पहाड़ी का राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के भील समुदाय और अन्य जनजातियों के लिए विशेष महत्व है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भीलों और अन्य जनजातियों ने अंग्रेजों के खिलाफ लंबे समय तक लड़ाई लड़ी थी। 17 नवम्बर 1913 को स्वतंत्रता सेनानी श्री गोविंद गुरु के नेतृत्व में मानगढ़ पहाड़ी पर 1.5 लाख से अधिक भीलों की सभा हुई। इस सभा पर अंग्रेजों ने गोलियां चलाईं, जिसमें लगभग 1500 आदिवासियों की जान चली गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम का दौरा किया. सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक नेता के रूप में सीएम अशोक गहलोत को सीनियर बताकर तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीएम गहलोत आज भी सबसे सीनियर है। पीएम मोदी की तारीफ पर सीएम गहलोत मंद-मंद मुस्करातें रहे।

इस बीच, कार्यक्रम में बोलते हुए, उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से, आदिवासी समाज के इस बलिदान का इतिहास में वह स्थान नहीं है जो उसे होना चाहिए था। आज समाज इस कमी को पूरा कर रहा है। आदिवासियों के बिना भारत का अतीत, इतिहास, वर्तमान और भविष्य अधूरा है। 17 नवंबर, 1913 को मानगढ़ में नरसंहार ब्रिटिश शासन की क्रूरता की परिणति थी। ब्रिटिश सरकार ने वैश्विक गुलामी समझकर 1500 से ज्यादा लोगों को घेरकर के उन्हें मौत के गाट उतारा था।'