विकसित भारत संकल्प यात्रा से मिला योजनाओं का लाभ, शिक्षा मंत्री, प्रभारी सचिव, जिला कलक्टर ने किया शिविर का अवलोकन
कोटा 10 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत बुधवार को खैराबाद पंचायत समिति के खीमच एवं हिरिया खेड़ी में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शिरकत की। जिला प्रभारी सचिव एवं प्रमुख ऊर्जा सचिव भास्कर ए सावंत ने सुल्तानपुर एवं सांगोद क्षेत्र में शिविरों का निरीक्षण किया। इन शिविरों में विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रचार वाहन द्वारा प्रधानमंत्री के संदेश का प्रसारण किया गया एवं भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। इस अवसर पर विकसित भारत की शपथ भी दिलवाई गई।
शिविरों में आमजन को विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण एवं पालिका क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य जांच, जैविक खेती, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। लाभार्थियों ने मेरी कहानी मेरी जुबानी के अंतर्गत योजनाओं से लाभान्वित होने के बाद उनके जीवन में आए परिवर्तन के बारे में बताया। हीरियाखेडी शिविर में शिक्षा मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए ग्रामीणजनों को सम्मानित किया।
दिलाई गुटखा न खाने की शपथ-
शिविर में एक लाभार्थी द्वारा प्रधानमंत्री आवास से मिले लाभ के बारे में बताया गया। इस दौरान उसे गुटखा खाते देख शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने उसे टोकते हुए गुटखे से होने वाले स्वास्थ्य के खतरे के प्रति आगाह किया और मौके पर ही गुटखा नहीं खाने की उससे शपथ दिलाई। अन्य को भी गुटखा नहीं खाने के लिए प्रेरित किया।
उज्ज्वला एवं अन्य योजनाओं का मिला लाभ-
शिक्षा मंत्री ने खैराबाद क्षेत्र के शिविरों में, सांगोद के मोईकलां, सुल्तानपुर नगर पालिका क्षेत्र में कृषि उपज मंडी में आयोजित शिविर में प्रभारी सचिव भास्कर ए सावंत, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की मौजूदगी में विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन को दिया गया। डीडीआर अनुपमा टेलर ने बताया कि महिलाओं को उज्ज्वला गैस कनेक्शन एवं किट देकर मौके पर ही लाभान्वित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष हेमलता शर्मा, उपाध्यक्ष अब्दुल रउफ एवं अन्य जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। हीरियाखेडी में प्रधान कलावती एवं अन्य जन प्रतिनिधि व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
जिला नोडल अधिकारी ममता तिवारी ने बताया कि शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्रों एवं संस्थाओं को सम्मानित कर उनको प्रोत्साहित किया गया। मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अनुभव साझा किये।
शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान भारत योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि एवं आधार अपडेशन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
यहां लगेंगे शिविर-
11 जनवरी को नगर निकाय क्षेत्र इटावा में कृषि उपज मंडी इटावा में शिविर लगेगा एवं सांगोद क्षेत्र के बपावर में शिविर लगेगा।