भरतपुर के तीन मुक्केबाजों ने नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ब्रोन्ज मेडल जीते


दीपचंद शर्मा। भरतपुर, 23 से 29 जून तक जालंधर (पंजाब) में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ़ इण्डिया के तत्वावधान में आयोजित पांचवी नेशनल सब जूनियर (अण्डर -15) बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भरतपुर जिले के तीन मुक्केबाजों ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीते । राजस्थान बॉक्सिंग टीम की चीफ कोच मनीषा चाहर ने बताया "यश कुमार घनसौटी ने 33 कि.ग्रा.भार वर्ग में झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और पुडुचेरी के मुक्केबाजों को हराकर, अनीराज चौधरी ने 43 कि.ग्रा.भार वर्ग में पुडुचेरी, महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश के मुक्केबाजों को हराकर, वहीं अधिराज चाहर ने कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा के मुक्केबाजों को एक तरफा हराकर ब्रोन्ज मेडल जीते। तीनों मुक्केबाज 3-2 निर्णय से पिछड़ कर फाइनल खेलने से चूक गए। तीनों खिलाड़ियों का चयन इण्डिया कैंप के लिए हुआ है। धनसौटी निवासी नीरज कुमार के पुत्र यश कुमार ने हाल ही एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। जोतरौली (रूपवास) निवासी परसराम के पुत्र अनीराज चौधरी ने गत वर्ष एस.जी.एफ.आई. एवं ओपन नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीते थे, वहीं भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ चेयरमैन डॉ. राकेश चाहर एवं एन.आई.एस. बॉक्सिंग कोच मनीषा चाहर के पुत्र अधिराज चाहर सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की बॉक्सिंग में गोल्ड मेडलिस्ट के अलावा नेशनल आर्म रेसलिंग के ब्रोंज मेडलिस्ट खिलाड़ी हैं। ऑल इण्डिया पुलिस की गोल्ड मेडलिस्ट भरतपुर पुलिस की सहायक उप निरीक्षक मनीषा चाहर ने राजस्थान बॉक्सिंग टीम की चीफ कोच के रूप में अपनी सेवाएं दीं।