कोटा में आईटी उद्योग और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगेः बिरला
-लोक सभा अध्यक्ष और वित्त राज्य मंत्री कराड ने किया एमएसएमई उद्यमियों से संवाद
कोटा, 25 जनवरी। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा को प्रकृति का विशेष वरदान है। यहां वे सभी संसाधन प्रचूर मात्रा में उपलब्ध हैं जो उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक हैं। शैक्षणिक प्रगति को देखते हुए कोटा में आईटी पार्क की स्थापना के लिए केंद्र सरकार में उच्च स्तर पर चर्चा हुई है। सम्पूर्ण हाड़ौती में हम धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर भी कार्य कर रहे हैं। वे शुक्रवार को कोटा के एमएसएमई उद्यमियों से संवाद कर रहे थे।
गोबरिया बावड़ी चौराहे पर स्थित पुरूषार्थ भवन के नवीन स्वरूप के लोकार्पण के बाद आयोजित कार्यक्रम में बिरला ने कहा कि कोटा सहित सम्पूर्ण हाड़ौती में हम औद्योगिक विकास पर फोकस कर रहे हैं। दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे का कार्य पूरा होने तथा एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा कनेक्टिविटी के मामले में देश के अग्रणी शहरों में से एक होगा। इसका यहां के उद्यमियों को लाभ मिलेगा और औद्योगिक वातावरण में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि हम यहां रोजगार के अवसर बढ़ाना चाहते हैं इसके लिए यहां नए उद्योग लाने के प्रयास कर रहे हैं। लेकिन बैंकों को भी उद्योगों को वर्किंग केपिटल उपलब्ध करवाने की दिशा में तेजी से कार्य करना होगा। बैंक और उद्यमी यदि चर्चा कर यहां संभावनाओं पर काम करें तो कई नए उद्योग यहां स्थापित हो सकते हैं। बिरला ने कहा कि कोटा में बेट्री उद्योग के स्थापना के प्रयास अब भी जारी हैं।
वित्त राज्य मंत्री डा. भागवत कराड ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमूलचूल परिवर्तन कर उद्यमियों के लिए उद्योग अनुकूल वातावरण बनाने के प्रयास किए हैं। एमएसएमई क्षेत्र आज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। इसका देश की जीडीपी में कृषि से अधिक योगदान है। रोजगार सृजन में भी यह क्षेत्र अग्रणी है। इसी कारण सरकार भी एमएसएमई को बढ़ावा दे रहा है। आत्मनिर्भर भारत के तहत स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण भारत आज विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इसमें भी एमएसएमई उद्योगों का बड़ा योगदान है।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्यमियों के सुझावों के अनुरूप ही विकास को प्राथमिकता देगी। कार्यक्रम को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया।
इथेनॉल उद्योग और फार्मा पार्क की संभावनाएं भी तलाशें-
एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को कोटा में इथेनॉल उद्योग की स्थापना की संभावनाएं तलाशनी चाहिएं। केंद्र सरकार ने राजस्थान में एक फार्मा पार्क आवंटित किया है। इसकी स्थापना के लिए कोटा सबसे उपयुक्त स्थान है। उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डा. कराड से कोटा में हॉस्टल्स पर लगाई गई जीएसटी हटाने का भी आग्रह किया।
-