भाजपा नेता नायक ने मंत्री जवाहर सिंह से कोटा में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने और स्टाफ बड़ाने का आग्रह किया
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश नायक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम का अभिनंदन किया और कोटा में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने और सायबर थाने सहित सभी थानों में स्टाफ बड़ाने का आग्रह किया। नायक ने बताया कि स्मार्ट सिटी कोटा जिले में पूरे देश के छात्र अध्ययन करने आते है साथ ही कोटा शिक्षा के साथ साथ उद्योग व पर्यटन के लिए भी जाना जाता है और अब कोटा की जनसंख्या लगभग पंद्रह लाख हो चुकी है जबकि दस लाख जनसंख्या पर ही पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू कर दी जाती है।
इसलिए पुलिस तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय बनाने के लिए कोटा में जयपुर, जोधपुर के समान पुलिस कमिश्नर प्रणाली आरंभ होनी चाहिए। नायक ने बताया कि आए दिन सायबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे है और पूरे कोटा जिले में सिर्फ एक ही सायबर थाना है जिसमे भी स्टाफ कम है जिस कारण लंबित मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसलिए गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह से कोटा में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने और सायबर थाने सहित पूरे कोटा में स्टाफ में वृद्धि करने का आग्रह किया गया और मंत्री जवाहर सिंह ने शीघ्र उचित समाधान के लिए निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आलोक गोयल,मनु प्रताप आदि नायक के साथ रहे।