लोकतंत्र के पर्व पर सजे बूथ, लगा मतदाताओं का मेला, वृद्ध, युवा, दिव्यांग सभी मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान
कोटा 25 नवंबर। विधानसभा चुनाव अंतर्गत मतदान दिवस पर शनिवार को मतदान के लिए मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मतदान के आरंभ के साथ ही वरिष्ठजन, युवा, दिव्यांग सभी मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान के लिए पहल की। निर्वाचन आयोग की पहल पर बनाए गए विशिष्ट मतदान केन्द्रों ने लोकतंत्र के इस उत्सव में चार चांद लगा दिए। इन पर मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था।

जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महिला, युवा, दिव्यांग, हरित एवं विभिन्न थीम आधारित बूथ बनाकर उन्हें विशेष प्रकार से सुसज्जित किया गया। कोटा डोरीया, शक्ति, मुकुन्दरा टाइगर, हैरिटेज बूथ, रिजर्व एवं अन्य पर्यटन स्थल थीम पर बूथ बनाए गए। जिनका मतदाताओं में खासा आकर्षण रहा। इन बूथों पर मतदाताओं ने मतदान के बाद उत्साह के साथ फोटो खिचवाए और सेल्फी ली। तलवंडी के मॉडर्न स्कूल के बूथ पर खूबसूरत फूलों की रंगोली एवं कालबेलिया नृत्य से मतदाताओं को बूथ तक आने के लिए प्रेरित किया गया। कोटा दक्षिण क्षेत्र में शक्ति मतदान बूथ, डीडीपीएस एजुकेशन सिटी, सोफिया स्कूल, सेंट्रल एकेडमी एवं अन्य विद्यालयों में थीम आधारित बूथ सुसज्जित किए गए।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने प्रातः मतदान केंद्र पर पहुंचकर पंक्ति में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया साथ ही वरिष्ठजन एवं अन्य मतदाताओं का माला पहनाकर अभिनंदन भी किया।
किन्नर समुदाय ने वोट डालकर निभाई जिम्मेदारी-
लोकतंत्र के महोत्सव में किन्नर समुदाय ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने किन्नर समुदाय के मतदाताओं का मतदान केंद्र पर माला पहनकर अभिनंदन किया एवं उनको मतदान के लिए शुभकामनाएं भी दी। किन्नर समुदाय के मतदाता समूह में मतदान केंद्र पर पहुँचे एवं मतदान किया एवं सभी अन्य लोगों को सही उम्मीदवार चुनने के लिए प्रेरित किया। शिवानी किन्नर ने जीवन मे पहली बार मतदान कर प्रसन्नता व्यक्त की।
नव मतदाताओं में छाया उल्लास-
पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में भी मतदान करने को लेकर उत्साह देखने को मिला। विभिन्न बूथों पर नव मतदाता उत्साह के साथ पहुंचे और स्याही के निशान के साथ सेल्फी ली। तलवंडी क्षेत्र की नव मतदाता गौरांशी ने पहली बार अपना मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाई और कहा कि उनके लिए यह गौरव का क्षण है। नव मतदाता भाई-बहन, नव दम्पती और कुछ स्थानों पर दूल्हा भी वैवाहिक रस्मों के बीच मतदान के लिए पहुंचे।
सुगमता से हुआ मतदान-
मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठजनों के लिए सुगम मतदान की आदर्श व्यवस्थाएं रहीं। मतदान बूथ पर दिव्यांग एवं वरिष्टजन मित्रों ने दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को सुगम एवं सरल तरीके से मतदान करने में सहायता की। प्रत्येक बूथ पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए व्हील चेयर एवं वॉलिंटियर की व्यवस्था की गई। सक्षम थीम पर बूथ भी तैयार किए गए। गंगाइचा ग्रीन बूथ एवं रंगपुर बूथ पर रामधन लोधा आदि निःशक्तजन का बीएलओ के साथ आंगनबाडी कार्यकर्ता प्रेमलता, पींठू केवट आदि ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मतदान केन्द्र आवासन मंडल केशवपुरा में सचिव स्थानीय संघ प्रकाश जायसवाल के सानिध्य में स्काउट गाइड द्वारा सेवाएं दी गई।
स्याही के निशान के साथ ली सेल्फी
-
मतदान केन्द्रों पर आई एम प्राउड वोटर थीम पर सेल्फी पॉईंट बनाए गए जहां मतदाताओं ने उंगली पर स्याही के निशान के साथ गर्व से सेल्फी ली। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने गर्व से मतदान की स्याही दिखाकर अपनी तस्वीरें पोस्ट की। गौरांशी ने अपने जीवन में पहली बार मतदान किया एवं देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
जिले के राजगढ़ में दिव्यांग राधेश्याम के दोनों हाथ नहीं होने पर भी वह बूथ तक पहुँचे और सहयोगी की मदद से मतदान कर उन्होंने अन्य मतदाताओ को मतदान का संदेश दिया।
मतदान में स्काउट गाइड बने सहयोगी-
मतदान में स्काउट गाईड ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने न केवल वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता की वरन् कम मतदान वाले क्षेत्रों में बार-बार जाकर मतदाताओं को घर से बाहर निकलकर मतदान के लिए प्रेरित किया। विधानसभा आम चुनाव अंतर्गत राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के स्काउट गाइड रोवर रेंजर ने जिले में दिव्यांग, वरिष्ठजन व अन्य के लिए सहयोगी की भूमिका निभाई। उक्त कार्य जिला संगठन आयुक्त बृजसुंदर मीणा की देखरेख में विधानसभा क्षेत्र सांगोद के सुल्तानपुर क्षेत्र में कोटा शहर का कार्य पूर्व मंडल सचिव यज्ञदत्त हाडा व जिला संगठन आयुक्त गाइड के सानिध्य में किया गया।