जागरूकता कार्यक्रम में बून्दी रहा अव्वल , यूनिट लीडर सर्वेश तिवारी के साथ स्वाति राठौड़ को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
जागरूकता कार्यक्रम में बून्दी रहा अव्वल , यूनिट लीडर सर्वेश तिवारी के साथ स्वाति राठौड़ को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
वैश्विक आयोजन की सभी गतिविधियों में उपलब्धियों का बना रिकॉर्ड, मलेशिया व श्रीलंका के आयोजक हुए बून्दी से प्रभावित किया सदस्यों से संवाद
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
बून्दी 10 जनवरी,
स्काउट गाइड द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर श्रीलंका से आयोजित ग्लोबल स्काउट जंबूरी 2022 में एक सौ बहत्तर देशों की बारह हजार से अधिक सहभागिता रही। यह वैश्विक आयोजन बूंदी के लिए अभूतपूर्व ऐतिहासिक उपलब्धियों का पर्याय रहा है। स्वास्थ्य के प्रति उभरते विश्वस्तर के खतरों के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सोमवार जारी सूची में भी भारत से यूनिट लीडर सर्वेश तिवारी के साथ सिरोही की गृहणी स्वाति राठौड़ को अंतरराष्ट्रीय सम्मान हेतु चयनित किया गया। ग्लोबल जंबूरी के आयोजन में बूंदी दल के विशेष प्रदर्शन से आयोजक दल काफी प्रभावित हुए तथा उन्होंने सदस्यों से सीधे संवाद किया व सुनियोजित तैयारियों हेतु बधाई दी।
आयोजन से जुड़े संगठन के संयुक्त सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में स्वास्थ्य के प्रति उभरते खतरे, हेल्थी ईटिंग, केंसर, डेंटल हेल्थ व हाइजीन पर व्याख्यान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिनिधित्व व उत्कृष्ट प्रदर्शन की चयन प्रक्रिया द्वारा तीस व्यक्तियों का चयन किया गया है। उल्लेखनीय है कि भारत से चयनित दोनों सदस्यो के रूप में बून्दी के सर्वेश तिवारी व स्वाति राठौड़ के नाम यह उपलब्धि रही।
सर्वधर्म सद्भाव कार्यक्रम में भी बून्दी के तिवारी, स्वाति राठौड़ व सिद्धि नामा के साथ मध्यप्रदेश के मुन्ना लाल शर्मा को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
विश्व स्तर पर सर्वधर्म सद्भाव व शांति हेतु आयोजित कार्यक्रम में श्रेष्ठ इवेंट प्रस्तुति हेतु आयोजकों द्वारा जारी चौबीस व्यक्तियों की चयन सूची में देश से चार व्यक्ति शामिल हैं जिसमें तीन सदस्यीय बून्दी दल में दल नेतृत्वकर्ता सर्वेश तिवारी सहित सम्भागी स्वाति राठौड़ व रेंजर गाइड सिद्धि नामा के साथ मध्य प्रदेश के सेवानिवृत्त अधिकारी मुन्नालाल शर्मा शामिल हैं।
आयोजकों ने बून्दी दल को सराहा व्यक्तिगत संवाद कर दी बधाई
ग्लोबल स्काउट जंबूरी के अंतर्राष्ट्रीय कैंप फायर में बूंदी के घूमर नृत्य की प्रथम प्रस्तुति, इंटरनेशनल फूड टेबल प्रतियोगिता में अव्वल रहने, तिवारी के एम्बेसेडर बनने, स्वास्थ्य जागरूकता व सर्वधर्म सद्भाव सम्मान प्राप्ति की उपलब्धियों पर ग्लोबल आयोजन के डिप्टी कमिश्नर मलेशिया के ए एच जुड़ वोंग व स्काउट वॉइस के संस्थापक श्रीलंका के चमिला कुमारा ने बूंदी टीम के सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर टीम को बधाई दी। संवाद द्वारा उन्होंने सुनियोजित तैयारी के साथ प्रत्येक गतिविधि में उपलब्धि प्राप्त करने पर दल सदस्यों की पृष्ठभूमि व गतिविधियों का विवरण भी प्राप्त लिया, आयोजक दल ने राजस्थान व बूंदी की कला संस्कृति को जानने में गहन रुचि ली। तिवारी ने गौरवमयी उपलब्धियों हेतु स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमिश्नर पूरण सिंह शेखावत, असिस्टेंट स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमिश्नर दिलीप माथुर, मंडल मुख्यालय सीओ प्रदीप चित्तौड़ा, जिला मुख्य आयुक्त सीडीईओ तेज कंवर व प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर सीबीईओ सतीश जोशी तथा लीडर ट्रेनर देवी सिंह सैनानी सहित स्काउट टीम का सहयोग व प्रोत्साहन हेतु आभार प्रकट किया।