जयपुर। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए कहा है कि अगर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तबीयत खराब नहीं होती तो अब तक राजस्थान कांग्रेस में मंत्रीमंडल विस्तार से लेकर सभी राजनैतिक नियुक्तीयां हो जाती। बता दें कि राजस्थान कांग्रेस पिछले डेढ साल से बिना संगठन और मंत्रीमंडल फेरबदल के ही शासन चला रही है। लगभग 20 दिन पहले प्रदेश में मंत्री मंडल का विस्तार और राजनैतिक नियुक्तियां होना तय माना जा रहा था लेकिन अचानक से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तबीयत खराब होने से इसमें विलंब हो गया।
प्रदेश प्रभारी अजय माकन का कहना है कि अब सभी मंत्रीमंडल विस्तार और राजनैतिक नियुक्ति जैसे कार्य मुख्यमंत्री के ठीक होने के बाद ही किये जायेंगे। माकन ने कहा कि विधानसभा सत्र चल रहा है, लेकिन अभी भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी घर से ही फाइलों का काम निबटा रहे हैं। उन्होने कहा कि पूरा रोडमैप तैयार है। क्या चीज पहले करनी है, क्या बाद में करनी है, सब रेडी है। बस मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ठीक होने का इंतजार है। अजय माकन ने कहा- कैबिनेट विस्तार के बाद जिलाध्यक्ष घोषित होंगे। पहले से ही हम लोगों का लाइन ऑफ एक्शन है कि कौन सी चीज कब करनी है।
पायलट को लेकर माकन का बयान
जब मीडिया ने सचिन पायलट को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि इस सवाल का जबाव मेरे पास नहीं है। पायलट का क्या होगा यह मैं नहीं जानता यह मेरे लेवल से उपर की बात है। इसका निर्णय कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा लिया जायेगा।