बच्चों को पूर्ण पोषण मिलेगा - जिला प्रमुख

बच्चों को पूर्ण पोषण मिलेगा - जिला प्रमुख
जिले में मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना एवं निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना का शुभारंभ
बारां, 29 नवम्बर। जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पोषण युक्त आहार देने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना एवं निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना से विद्यार्थियों लाभ मिलेगा और वे सर्वांगीण विकास को प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रमुख राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमगंज वार्ड में मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना एवं मुख्यमंत्री निशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना के जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लोक कल्याण की योजनाओं को कोई वर्ग वंचित नही रहा है विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ की गई बाल गोपाल योजना से बच्चों को शिक्षा के साथ पोषण मिलेगा और निशुल्क यूनिफॉर्म से विद्यालयों में नामांकन में वृद्धि होगी। नगर परिषद सभापति ज्योति पारस ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को विद्यालय में दूध का सेवन उपलब्ध होने से उनका शैक्षिक व शारीरिक विकास होगा। निशुल्क यूनिफॉर्म से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन व सहायता मिलेगी।
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार की सीएम बाल गोपाल योजना के तहत कक्षा एक से 8 तक के विद्यार्थियों को प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार दूध का वितरण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पोषण भी मिलेगा जो कि बढते हुए बच्चों के लिए आवश्यक है। सीएम निशुल्क यूनिफॉर्म योजना से विद्यार्थियों व अभिभावकों को सहायता मिलेगी। इन योजनाओं से सरकारी विद्यालयों में नामांकन व उपस्थिति में वृद्धि होगी। यह योजनाएं बच्चों का भविष्य शिक्षित व स्वस्थ बनाने में सहायक रहेगी। समारोह में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शशि मीणा ने बताया कि योजना के तहत बाल गोपाल योजना के तहत सप्ताह में दो दिन कक्षा एक से तक के बच्चांे को 150 मिलीलीटर एवं कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को 200 मिलीलीटर दूध का वितरण किया जाएगा। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अतिथियों के समक्ष दूध का सेवन किया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।