स्वच्छता फर्स्ट अभियान के तहत जिले में साफ-सफाई जोरों पर

-एक हफ्ते के भीतर ही दिखाई दिया अंतर


डीग, जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज द्वारा एक सप्ताह पहले बुधवार के दिन ही डीग के प्राचीन किले से झाडू लगाकर "स्वच्छता फर्स्ट अभियान" का शंखनाद किया गया था। बदल रहा है डीग...एक हफ्ते बाद अभियान का असर डीग के बाजारों में देखने को मिल रहा है। अभियान के प्री एक्टिविटी के रूप में जिन जगहों का जिला कलेक्टर ने भ्रमण किया था उनमें से मेला मैदान, बस स्टैंड, डीग किला, डाक घर, नई सड़क, जल महल आदि प्रमुख स्थलों में से एक थे। सभी जगहों पर पहले के मुकाबले साफ सफाई है एवं आमजन के बीच जिला प्रशासन के प्रति आभार का भाव देखने को मिला। जिलेवासियों ने सफाई अभियान को एक उत्कृष्ठ कार्य बताया है एवं इसकी मुक्तकंठों से प्रशंसा की है। भूपेंद्र सिंह जो नगर रोड़ पर चाय बेचते है उन्होंने स्वच्छता फर्स्ट अभियान को एतिहासिक बताया उन्होंने कहा कि साफ सुधरे वातावरण में रहने से मनुष्य सदैव प्रसन्नचित एवं स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि सफाई से उनके बच्चों को भी फायदा पहुंचा है एवं वे अब स्वच्छ वातावरण में जीवन यापन कर सकते हैं ।

नगर परिषद आयुक्त का डीग वासियों से आह्वान

वही नगर परिषद आयुक्त मनोज मीना ने बताया कि स्वच्छता फर्स्ट अभियान एक साझा जिम्मेदारी है और हर प्रयास अहमियत रखता है। उन्होंने डीग की जनता से आह्वान किया कि स्वच्छ भविष्य की शुरुआत के लिए इस उत्कृष्ट प्रयास में शामिल हों एवं सपने के डीग का निर्माण करने में अपने भागीदारी निभाएं। उन्होंने लोगों से अपनी गली, मोहल्ले या किसी पार्क, नदी, झील या किसी भी अन्य सार्वजनिक स्थान पर गंदगी ना फैलाने का आह्वान किया।