कलक्टर ने इटावा में की जनसुनवाई, 7 दिवस में परिवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें-कलक्टर
कोटा 14 मार्च। उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में गुरुवार को इटावा पंचायत समिति परिसर में आयोजित की गई। जिसमें पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा व नगर पालिका क्षेत्र में आवासीय पट्टे जारी करने इत्यादि के परिवाद प्रस्तुत किये गए। जिला कलक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को परिवादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने कहा जनसुनवाई में परिवादों का निस्तारण करते समय गुणवत्ता का भी ध्यान रखना चाहिए जिसमें शिकायतकर्ता की संतुष्टि को महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने कहा सभी विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक कार्यालय समय पर आएं एवं प्रत्येक फाइल एवं प्रकरण को तुरंत निपटाए, अकारण किसी भी कार्य में विलंब न करें। प्रत्येक विभाग की ज़िम्मेदारी है कि वह अपने विभाग की योजनाओं के वंचित पात्र व्यक्तियों को सूची तैयार करवाएं एवं उनको योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें।
उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि वह अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें एवं परिवादों के निस्तारण की 2 से 3 दिन में समीक्षा करें। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि परिवादी को अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े। जनसुनवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी नीता वसीटा, सहायक निदेशक गजेन्द्र सिंह, प्रधान रिंकू मीणा, खण्ड विकास अधिकारी राजेश कुमार मीणा, तहसीलदार अरुण कुमार एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व परिवादी उपस्थित रहे।