जयपुर। राजस्थान में बेसिक एवं वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा को आयोजित कराये हुए 71 दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड और राजस्थान सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। परिणाम जल्द से जल्द जारी करवाने के लिए आज अभ्यर्थियों ने राजस्थान कमर्चारी चयन बोर्ड के चेयरमैन हरिप्रसाद शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा का जल्द से जल्द परिणाम जारी करने की मांग की।
अभ्यर्थियों को बोर्ड ने चेयरमैन आश्वासन दिया है कि परिणाम पर काम जारी है और जल्द ही परिणाम जारी कर दिया जायेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस सप्ताह परिणाम जारी कर दिया जायेगा।
बता दें कि इससे पहले भी छात्र इस भर्ती का परिणाम जारी करने के लिए डिजिटल आंदोलन कर चुकें। अभ्यर्थी 20 अगस्त को बेरोजगार महासंघ अध्यक्ष उपेन यादव के साथ भी बोर्ड के सामने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके है। लेकिन, बोर्ड ने अभी तक परिणाम जारी नहीं किया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पहले भर्ती को संविदा पर निकाला था जिसके बाद संघर्ष करके इसे नियमित भर्ती के रूप में जारी करवाया। बाद में परीक्षा आयोजन के लिए संघर्ष किया और अब परिणाम जारी करवाने के लिए संघर्ष करना पड रहा है। अभ्यर्थियों के कहा कि परिणाम में जितना विलंब होता जा रहा है उतना ही बोर्ड पर संशय गहराता जा रहा है। अभ्यर्थियों को संदेह है कि परीक्षा परिणाम में गडबडी की जा सकती है।
बता दें कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने कुल 10157 पदों के लिए 18 एवं 19 जून को बेसिक एवं वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेश की परीक्षा आयोजित करवाई थी। जिनमें 9862 पद बेसिक कंप्यूटर एवं 295 पद वरिष्ठ कंप्यूटर के लिए है।