Kota: निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए कराएं शांतिपूर्ण निर्वाचन पर्यवेक्षकों ने की चुनाव तैयारियों की समीक्षा, चैक पोस्ट का किया निरीक्षण

कोटा 5 अप्रेल। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. एन. वेंकटाचलम, पुलिस पर्यवेक्षक चन्द्रशेखर सोलंकी एवं व्यय पर्यवेक्षक प्रदीप सिंह सेंगर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया के लिए समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कोटा-बूंदी निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर समीक्षा की और कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ आपसी समन्वय रखते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराएं।
सामान्य पर्यवेक्षक ने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों द्वारा की गई तैयारी एवं प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की सुनवाई हो और त्वरित निस्तारण किया जाए। पुलिस पर्यवेक्षक ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि से उठाए गए कदमों एवं निरोधात्मक कार्यवाही की समीक्षा कर निर्देश दिए कि अंतर्राज्यीय सीमाओं के कारण आवागमन एवं परिवहन पर कडी निगरानी रखी जाकर सख्त कार्यवाही की जाए। व्यय पर्यवेक्षक ने निर्वाचन व्यय के लिए गठित दलों द्वारा सतर्कता बरतते हुए सतत् कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों को प्रजेन्टेशन के माध्यम से अवगत कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी बूंदी अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक शहर कोटा डॉ. अमृता दुहन, ग्रामीण करण शर्मा, बूंदी एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने भी उनके स्तर पर की गई तैयारियों की जानकारी दी।
चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण-
सामान्य, पुलिस एवं व्यय पर्यवेक्षक ने बैठक के बाद तहसील क्षेत्र तालेड़ा की बरुंधन चैक पोस्ट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और कार्मिकों को निर्देश दिए कि चुनाव अवधि के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए सजग रहकर अपना दायित्व निभाएं।