विधानसभा चुनाव की मतगणना आज - जेडीबी कॉलेज में कडे सुरक्षा प्रबंध, सभी तैयारियां पूर्ण
कोटा 02 दिसम्बर। विधानसभा आम चुनाव के अन्तर्गत मतगणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे जेडीबी कॉलेज में आरंभ होगी। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने बताया मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी एवं निर्धारित प्रवेश पत्र के बिना प्रवेश निषेध रहेगा। चिन्हित श्रेणियों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति मतगणना स्थल पर मोबाईल नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा माचिस, हथियार, एवं कोई ज्वलनशील पदार्थ अन्दर ले जाना निषेध होगा।
उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए विधानसभा वार 6 कक्ष तैयार किये गये है। जिनमें प्रत्येक कक्ष में सबसे पहले प्रात 8 से 8.30 बजे डाक मत पत्रों की गणना की जायेगी। इसके पश्चात ईवीएम मशीनों के मतों की गणना की जायेगी। मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की दिशा-निर्देशों एवं मानदंडों के आधार पर की जाएगी। संपूर्ण प्रक्रिया की विडियोग्राफी कराई जाएगी एवं पर्यवेक्षकगणों की मौजूदगी में मतगणना होगी। माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात रहेंगे।
धारा 144 के चलते जुलूस, आतिशबाजी इत्यादि पर रहेगी रोक जिला निर्वाचन अधिकारी एम पी मीना ने विधानसभा चुनावों की मतगणना निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्द के वातावरण में सम्पन्न कराने का आव्हान किया है। उन्होंने कहा कि धारा 144 के चलते इस दौरान एवं बाद में जुलूस, सभा, आतिशबाजी इत्यादि पर रोक रहेगी।