बूंदी जिले में मतगणना सम्पन्न, हिण्डोली से अशोक, केशोरायपाटन से चुन्नीलाल सीएल प्रेमी बैरवा, बूंदी विधानसभा क्षेत्र से हरिमोहन शर्मा निर्वाचित
बूंदी, 3 दिसंबर। बूंदी जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए विधानसभा चुनावों की मतगणना रविवार को राजकीय महाविद्यालय में सम्पन्न हुई। हिण्डोली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक, केशोरायपाटन से कांग्रेस प्रत्याशी चुन्नीलाल सीएल प्रेमी बैरवा तथा बूंदी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरिमोहन शर्मा निर्वाचित घोषित किए गए। तीनों निर्वाचित प्रतिनिधियों को मतगणना स्थल पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने शपथ दिलाई और निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। मतगणना प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एएम बाबू, हरीष नैय्यर, अभिजीत बोस की निगरानी में सम्पन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं पुलिस अधीक्षक जय यादव व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
केशोरायपाटन से चुन्नीलाल सीएल प्रेमी बैरवा निर्वाचित
केशोरायपाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार चुन्नीलाल सीएल प्रेमी बैरवा विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की चन्द्रकांता मेघवाल को 17087 मतों से पराजित किया। सीएल प्रेेमी को 101541 मत मिले। भाजपा उम्मीदवार चन्द्रकांता मेघवाल को 84454 वोट मिले।
हिण्डोली से अशोक निर्वाचित
हिण्डोली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अशोक विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के प्रभुलाल सैनी को 45004 मतों से पराजित किया। अशोक को 127354 मत मिले। भाजपा उम्मीदवार प्रभुलाल सैनी को 82350 वोट मिले।
बूंदी से हरिमोहन शर्मा विजयी
बूंदी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार हरिमोहन शर्मा विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अशोक डोगरा को 18814 मतों से पराजित किया। हरिमोहन शर्मा को 100107 मत मिले। भाजपा उम्मीदवार अशोक डोगरा को 81293 वोट मिले।