डॉ. दिगंबर सिंह जयंती समारोह में उमड़ा जनसैलाब, पूर्व कैबिनेट मंत्री के स्वर्णिम विकास काल को किया याद
- डॉ. शैलेश बोले, मिलकर बनाएंगे पिताजी के सपनों का डीग - कुम्हेर
भरतपुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री और डीग कुम्हेर के पूर्व विधायक, विकास पुरुष डॉ. दिगम्बर सिंह का 72 वां जन्म जयंती समारोह 01 अक्टूबर को विमल जैन का बाड़ा, कुम्हेर में आयोजित हुआ । कार्यक्रम में डीग - कुम्हेर विधानसभा समेत पूरे भरतपुर जिले से हजारों की तादाद में डॉ. दिगंबर सिंह के चाहने वाले उमड़े और उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर पुण्यस्मरण किया।
कार्यक्रम में पधारे लोगों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. दिगंबर सिंह द्वारा डीग - कुम्हेर विधानसभा एवं भरतपुर में करवाए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों को याद किया । डॉ. शैलेश को जिताकर दें डॉ. दिगंबर सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि - सुभाष महरिया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुभाष महरिया ने कहा कि डॉ. दिगम्बर सिंह के कारण डीग कुम्हेर का जो रुतबा राजस्थान में था, अब शैलेश के चुने जाने के बाद वही रुतबा फिर होगा । डॉ. दिगम्बर सिंह ने शैली को आपको सौंपा है, अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें जिताकर, दिगंबर सिंह जी को सच्ची श्रद्धांजलि दें ।
डॉ. दिगंबर सिंह ने भरतपुर को विकास की नई ऊंचाई देकर अमरत्व प्राप्त किया - राजेन्द्र राठौड़, विधानसभा में नेता उप प्रतिपक्ष और डॉ. दिगंबर सिंह के मित्र राजेन्द्र राठौड़ किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकें, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश भेजकर अपने मित्र को याद किया। राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि डॉ. दिगंबर सिंह ने भरतपुर को विकास की नई ऊंचाई देकर अमरत्व को प्राप्त किया है। उन्होंने हर वर्ग को अपने साथ रखा। मुझे गर्व है उनके पदचिन्हों पर चलते हुए बेटे डॉ. शैलेश उसी संस्कार और संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। वे लगातार डीग कुम्हेर में सेवा कार्यों में लगे हैं । राजेंद्र राठौड़ ने वीडियो संदेश में कहा कि, डॉ. दिगंबर सिंह ने अपने जीवनकाल में कईं लोगों के जीवन को संवारा। उन्होंने इस पूरे इलाके को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया
राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि, डॉ. दिगंबर ने भरतपुर जिला मुख्यालय को संभाग बनाने से लेकर मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय जैसी अनेक सौगातें दी। उन्होंने कहा कि, डॉ.दिगंबर सिंह का डीग कुम्हेर के साथ एक अटूट रिश्ता रहा । राजेन्द्र राठौड़ ने जनता से आव्हान किया कि डॉ. दिगंबर सिंह के बेटे डॉ. शैलेश उनके पदचिन्हों पर चलकर अपने पिता के सपनों को पूरा करना चाहते हैं, उनका सहयोग करें और जनसेवा के लिए प्रेरित करें। राजेंद्र राठौड़ ने कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने पर दुःख व्यक्त किया । डीग कुम्हेर की सरदारी ही शैलेश के माता - पिता - लक्ष्मी नारायण चौधरी उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि श्री कृष्ण जी को जन्म तो मां देवकी और वासुदेव ने दिया था लेकिन उनको यशोदा नंदन ही कहा जाता है, ऐसे ही शैलेश को जन्म तो दिगंबर सिंह और आशा ने दिया लेकिन जब वे इस दुनिया में नहीं हैं, शैलेश के लिए अब माता - पिता डीग कुम्हेर की सरदारी है, आप सभी हो। इस बार गलती हुई तो डीग - कुम्हेर बहुत पीछे रह जाएगा । डीग कुम्हेर की जनता ही मेरे माता - पिता - डॉ. शैलेश सिंह कार्यक्रम में पधारे जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा भरतपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं डॉ. दिगंबर सिंह के बेटे डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि अब डीग - कुम्हेर की जनता ही मेरे माता - पिता है।
मैं आप लोगों में ही मेरी मां और पिताजी को देखता हूं। मेरा यही प्रयास है कि मैं पिताजी के पदचिन्हों पर चलते हुए डीग - कुम्हेर की सेवा में समर्पित रहूं। डॉ. शैलेश ने कहा कि हम सभी को मिलकर डीग - कुम्हेर में वही रुतबा फिर से कायम करना होगा, जो डॉ. दिगम्बर सिंह के समय हुआ करता था। आज डीग कुम्हेर विकास से अछूता होकर, अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। हमें फिर से डीग कुम्हेर को विकास और शांति के पथ पर ले जाना होगा । इस कार्यक्रम में भटावली निवासी राजवीर सिंह, साबौरा ग्राम के जाटव समाज, बरावली ग्राम के पूर्व सरपंच कारे सिंह व इकलहरा ग्राम के रामगोपाल व श्रीचंद ठाकुर एवं डीग निवासी पूर्व पार्षद रघुवीर सैनी ने भी अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की । डॉ. शैलेश ने कार्यक्रम में पधारने के लिए जनता का आभार जताया।