New Delhi: दिल्ली के तीन इलाकों में मंगलवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई. इन जगहों का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के ऊपर पहुंच गया. हालांकि कुल मिलाकर दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। इसमें शादीपुर, नॉर्थ कैंपस और वजीरपुर शामिल हैं।
दिल्ली के लोग लगातार तीन दिन से प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं. प्रदूषण का स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 241 रहा। हवा के इस स्तर को खराब के रूप में वर्गीकृत किया गया है। सोमवार को सूचकांक 237 पर रहा। यानी चौबीस घंटे के भीतर इसमें चार अंकों की तेजी आई। वहीं, दिल्ली के तीन इलाके ऐसे हैं जहां मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 अंक से ऊपर यानि बेहद खराब श्रेणी में रहा. इसमें शादीपुर, नॉर्थ कैंपस और वजीरपुर शामिल हैं।
सीपीसीबी के मुताबिक मंगलवार शाम पांच बजे दिल्ली की हवा में प्रदूषक कण पीएम 10 का स्तर 252 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था, जबकि पीएम 2.5 का स्तर 103 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था. मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से कम और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होना चाहिए। इसके मुताबिक हवा में ढाई गुना से ज्यादा प्रदूषण मौजूद है। प्रदूषण पर पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद कम है और लोगों को खराब हवा में सांस लेनी होगी।
आपको बता दें कि जब भी पीएम 2.5 का स्तर 50 से अधिक दर्ज होता है तो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है. खासकर दमा मरीजों के लिए यह हवा नुकसानदायक होती है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, 0 से 50 के बीच वायु सूचकांक यानी एक्यूआई (AQI) का लेवल अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच AQI गंभीर माना जाता है.
दिल्ली में अब रात और सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है. सफदरजंग मौसम विज्ञान (Meteorology) केंद्र का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मंगलवार की सुबह ज्यादातर हिस्सों में हल्का कोहरा देखा गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धुंध छंटती गई। सफदरजंग केंद्र में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है.