पितृपक्ष में देव शिव महापुराण कथा 1 से, 30 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

-कथा व्यास कुबेरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा करेंगे कथा

कोटा, 27 सितम्बर। अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक कुबेरेश्वर धाम के पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से कोटा में 1 से 5 अक्टूबर तक पितृ पक्ष में देव शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। कार्यक्रम संयोजक कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि शिव महापुराण कथा का आयोजन दशहरा मैदान में प्रतिदिन 2 से 5 बजे तक किया जाएगा। कथा से पूर्व 30 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो श्रीनाथपुरम स्टेडियम से प्रारंभ होकर तीन बत्ती सर्किल, छोटा चौराहा, दादाबाड़ी बड़ा चौराहा से होते हुए कथा स्थल  दशहरा मैदान स्थित विजय श्री रंगमंच पर पहुंचेगी। शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलेंगी। वहीं मधुर स्वर लहरियां बिखरते बैंड भी साथ रहेंगे।

विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि कथा के लिए 3 लाख वर्ग फीट का वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें एक लाख से अधिक सनातन धर्मप्रेमी कथा श्रवण कर सकेंगे। इसके अलावा दशहरा मैदान में पुराना पशु मेला स्थल समेत शहर भर में प्रमुख पार्कों और बड़े मंदिरों पर भी एलईडी की व्यवस्था की जा रही है। जहां आमजन कथा सुन सकेंगे।

विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि कथा की व्यवस्थाओं के लिए स्वागत, जल, यातायात, सुरक्षा, बिजली, आवास समेत विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। इसके साथ ही प्रशासन से समन्वय बैठाने के लिए जिला कलेक्टर, नगर निगम, पीएचईडी, मेडिकल, पुलिस, ट्रैफिक के विभागों के साथ भी बैठक की गई है।

कच्चे दूध से प्रतिदिन करता हूं शिव का अभिषेक: विधायक शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि मैं शिव के प्रति समर्पित हूं। प्रतिदिन कच्चे दूध से शिवलिंग का अभिषेक करता हूं। प्रभु मेरे हृदय में समाए हैं। वैदिक परंपरा के अनुसार देव पितृ पक्ष के समय शिव महापुराण शुभ फलदायी होती है। एक प्रश्न के जवाब में विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्रबंध समिति के अनुसार कुबेरेश्वर धाम पर पहुंचने वाले भक्तों को ही अभिमंत्रित रुद्राक्ष भेंट किए जाते हैं। धाम के बाहर रुद्राक्ष वितरित नहीं होते हैं। न ही ऐसे रुद्राक्ष फल प्रदान करते हैं। ऐसे में कथा के दौरान रुद्राक्ष वितरण का कार्यक्रम नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के लिए बनी आयोजन समिति
विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के निमित्त आयोजन समिति का गठन किया गया है। जिसमें हीरालाल नागर, गोविंद माहेश्वरी, गोविंद अग्रवाल, विवेक राजवंशी, आनंद राठी, महेश विजय, राकेश जैन, जीडी पटेल, विशाल शर्मा, ओम आडवाणी, राजेंद्र खंडेलवाल, अनिल तिवारी, जितेंद्र सिंह राजावत, अशोक माहेश्वरी, कुंजबिहारी गौतम, संजय शर्मा, अशोक मीणा, गिरिराज शर्मा, हरीश राठौर, नंदलाल प्रजापति, रामावतार बैरवा, राजेंद्र शर्मा को लिया गया है।