विकसित भारत संकल्प यात्रा नगर निगम उत्तर में भी शुरू
*विकसित भारत बनाएं - जनप्रतिनिधियों ने किया आव्हान दिलाई शपथ*
कोटा 19 दिसंबर। विकसित भारत संकल्प यात्रा शहरी चरण अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम कोटा उत्तर क्षेत्र में प्रथम आयोजन थर्मल चौराहा के निकट हुआ। इस अवसर पर प्रचार वाहन के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री के संदेश एवं डाक्यूमेंटरी का प्रदर्शन किया गया। विकसित भारत के लिए शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि गुलामी की बेडियों से आजादी के बाद अब ऐसा समय आया है जब हम विकास की राह पर तेजी से बढ रहे हैं। देश का पुराना वैभव लौट रहा है। अब विकसित भारत के लिए हमें अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सबल और समर्थ बनाना है। इस अवसर पर विधायक ने विकसित भारत की शपथ भी दिलाई। सांगोद विधायक हीरालाल नागर ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि आजादी की शताब्दी पर विकसित देशों की कतार में खडे होने का हमारा संकल्प है। हम सभी को इसके लिए संकल्पबद्ध होना होगा।
संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह ने आह्वान किया कि अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए। जिला कलक्टर एमपी मीना ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन एवं अन्य योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया गया। मेरी कहानी मेरी जुबानी अन्तर्गत लाभान्वितों ने सफलता की कहानी बयां की। देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर रामबाबू सोनी, नेता खंडेलवाल, अरविंद सिसोदिया, लव शर्मा व आशा द्विवेदी, उपनिदेशक स्थानीय निकाय अनुपमा टेलर, नगर निगम आयुक्त अनुराग भार्गव, उपायुक्त भावना राघव व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन एनयूएलएम की हेमलता गांधी ने किया। शिविर में विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं में पात्रजनों को लाभान्वित किया गया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का मिल रहा है ग्रामीणजनों को लाभ विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मंगलवार को मोदी की गारंटी नाम से लोकप्रिय आईईसी वेन के जरिए माननीय प्रधानमंत्री के जनता के नाम प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश प्रसारित किए गए एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा मंगलवार को पंचायत समिति लाडपुरा के गोदल्याहेडी व जाखोडा, पंचायत समिति इटावा के अयाना एवं अयानी, पंचायत समिति सांगोद के आवां व खजूरना, पंचायत समिति सुल्तानपुर के चौमा मालियान व भौंरा तथा पंचायत समिति खैराबाद के मोडक स्टेशन व मोडक गांव में पहुंची।
रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावार ने ग्राम पंचायत मोडक स्टेशन में अंगदान करने वाले नूतन कपूर, अंकित नागर तथा मोडक गांव में सुरेश को प्रमाण पत्र सौंपकर प्रोत्साहित किया। शिविरों में अन्य जन प्रतिनिधियों ने केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जिला नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया कि ग्राम पंचायत खजूरना में छात्रों द्वारा नुक्कड नाटक, कटपुतली नृत्य द्वारा प्रस्तुति दी गई। शिविरों में स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विकसित भारत संकल्प यात्रा में ग्रामीण जनों को भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का फिल्म द्वारा प्रदर्शन दिया गया तथा योजनाओं में लाभान्वित लाभार्थियों द्वारा मेरी कहानी मेरी जुबानी का प्राप्त लाभ के बारे में बताया गया। कृषि विभाग द्वारा ड्रोन प्रदर्शन, सोईल हेल्थ कार्ड प्रदर्शन, प्रगतिशील किसान द्वारा जैविक खेती के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग धरती कहे पुकार थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
शिविरों में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं संबंधित योजनाओं में लाभ प्राप्त किया। आयुष्मान कार्ड का मौके पर पंजीकरण किया गया। एचपी गैस एजेन्सी द्वारा उज्ज्वला योजना में रजिस्ट्रेशन कर गेस कनेक्शन जारी किये गये। कृषि विभाग एवं लीड बैंक बीआरकेजीबी द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड पंजीयन कर वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीणजनों द्वारा अंगदान का संकल्प भी लिया।
ये रहे उपस्थित-
इस अवसर पर सांगोद विधायक हीरालाल नागर, प्रधान जयवीर सिंह, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।