जिला कलक्टर ने किया जेके लोन अस्पताल का औचक निरीक्षण
कोटा 24 जनवरी। जिला कलक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी ने बुधवार को जेके लोन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे अस्पताल में सभी विभागों में जाकर निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने वहां पहुंचकर ओपीडी व्यवस्थाएं देखी तथा रिकॉर्ड रजिस्टर चेक किया। दवा वितरण केंद्र में पहुंचकर दवाइयां जांची और प्रभारी से जानकारी ली की एक्सपायरी डेट निकट वाली दवा का प्रबंधन कैसे कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि दवाओं पर निगाह रखी जाए और एक्सपायरी डेट नजदीक वाली दवाओं को पहले काम में लिया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि चिकित्सक कक्ष के बाहर ड्यूटी का दिन, समय और वह उपस्थित है या नहीं, यह डिजिटल तरीके से प्रदर्शित किया जाए। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए जिला कलक्टर ने सभी वार्डों, अन्य कार्य स्थलों, शौचालयों में सफाई इंतजाम देखे और उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कक्षों में कोई भी अनुपयोगी व्यर्थ समान हो तो उसका निस्तारण करें। उन्होंने आईसीयू निकू , पिकू वार्ड, लेबर रूम, गायनी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने भर्ती बच्चों एवं महिलाओं के विषय में उपचार संबंधी जानकारी चिकित्सक से ली और परिजनों से भी व्यवस्थाओं के बारे में पूछा जिस पर उन्होंने संतोषप्रद जवाब दिया। महिला वार्ड में पुराने कंबल देख निर्देश दिए कि कंबल उपयुक्त हों, फटे हुए नहीं होने चाहिए। बिस्तरों को साफ-सुथरा रखने के भी निर्देश दिए।
एडीएम प्रशासन भगवत सिंह एवं चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. आशुतोष शर्मा एवं विभिन्न विभागों के चिकित्सा प्रभारी उपस्थित रहे।