जिला कलेक्टर ने आंगनवाडी, विद्यालय एवं स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
डीग, जिला कलक्टर डीग शरद मेहरा ने मंगलवार को जनूथर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और नगर के आंगनवाडी एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाडी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। वे आज आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे जहां उन्होंने आंगनवाड़ी में मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे कितने समय से आंगनवाड़ी आ रहे हैं, उन्हें भोजन में क्या मिलता है और आंगनवाड़ी में आकर उन्हें कैसा महसूस होता है। उन्होंने आंगनवाडी में दिये जाने वाले पोषण आहार की जानकारी ली और अधिकारियों को बच्चों के पोषण एवं आहार की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला कलेक्टर राजकीय माध्यमिक विद्यालय रसिया भी पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने स्कूल की कक्षा में जाकर वहां मौजूद शिक्षक से उनके पढ़ाने के तरीके के बारे में विस्तृत जानकारी ली और स्कूल में छात्रों को दी जा रही शिक्षा के बारे में पूछा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा जनूथर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया ताकि आमजन को सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए परेशान न होना पड़े तथा उन्हें अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसे लेकर कलेक्टर काफी संवेदनशील थे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद अधिकारियों से मरीजों को दिये जा रहे इलाज के संबंध में जानकारी ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने नि:शुल्क जांच काउंटर का विशेष रूप से निरीक्षण किया तथा अस्पताल के दवा भंडार में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।