जिला कलेक्टर ने किया कुम्हेर के नगर पालिका, मुख्य बाजार का निरीक्षण
डीग, जिला कलेक्टर श्रीमती श्रुति भारद्वाज ने शुक्रवार को डीग जिले के उपखंड कुम्हेर के नगर पालिका एवं मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया । श्रीमति भारद्वाज ने नगर पालिका पहुंचते ही वहां की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने नगर पालिका में मास्टर प्लान, भूमि, लेखा, संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों, साफ-सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्विति सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर एसडीएम कुम्हेर जोगेंद्र सिंह एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में पत्रावलियों का संधारण व्यवस्थित नहीं होने को गंभीरता से लिया एवं ई-फाइल सिस्टम पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए है, ताकि रिकॉर्ड का संधारण व्यवस्थित रूप से हो सके एवं पत्रावली की ट्रेकिंग की जा सके।इस दौरान कार्य वितरण एवं लंबित प्रकरणों को देखते हुए उन्होंने सख्त दिशा निर्देश दिए। साथ ही एक प्रकरण जो 23 साल से लंबित है एवं जिस पर समुचित कार्रवाई भी की जा चुकी है उस पर अभी तक पूर्ण कार्य ना करने पर उपखंड अधिकारी कुम्हेर को उक्त प्रकरण के जांच के लिए निर्देशित किया गया है । श्रीमति भारद्वाज ने आज कुम्हेर के बाजार का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बाजार को सुव्यवस्थित करने एवं वहा पर पूर्ण साफ सफाई के लिए उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाजार क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाजार स्थल में नियमित साफ सफाई करवाने, ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करने को कहा। साथ ही समुचित शौचालय, पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मौके पर ही महिला शौचालय के लिए भी जमीन चिंहितकरण किया और संबंधित अधिकारियों को शौचालय निर्माण के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर तहसीलदार कुम्हेर संदीप जैन, तहसीलदार रारह चरण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।