जिला कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी

डीग,75 वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को स्थानीय शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर शरद मेहरा की मुख्य आतिथ्य और कर्नल ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में सानंद संपन्न हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने पुष्प चक्र भेंट कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि शहीदों के प्रति अर्पित की। बाल-कवि धर्मेश चाहर ने "प्राण दे दिए जिन्होंने भारती की आरती में", कवि  लालाराम फौजदार ने "मेरा भारत देश महान" एवं वरिष्ठ-कवि सोहनलाल शर्मा "प्रेम" ने "देशभक्त से बढ़कर जग में उच्च चरित्र नहीं होता" कविताएं प्रस्तुत की । जिला कलक्टर ने शहीदों की शहादत को सराहा एवं भूतपूर्व सैनिकों के देश सेवा में किये गये शौर्य व पराक्रम के योगदान के लिए प्रशंसा की जिन्होंने भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान किया।

उन्होंने बताया कि शहीदों की शहादत सदैव चिरस्थायी रहती है। उन्होंने युवाओं को ऐसे वीर सपूतों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति सदैव समर्पित रहने की भावना को अंगीकार करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें समाज और देश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभानी है और आज के समय में सभी को उनकी प्रेरणा लेकर राष्ट्र के विकास के लिए सदैव सहयोग एवं कार्य करने की आवश्यकता जताई । इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त नरसी लाल मीणा, कोषाधिकारी डीग देवेंद्र धवन, एसडीएम रवि गोयल, नायब तहसीलदार पुष्कर सिंह चौधरी, कैप्टन लेखराज, कैप्टन अशोक कुमार, कैप्टन बच्चू सिंह, कैप्टन जसराम, कैप्टन रामवीर, सूबेदार देवी सिंह सैनी, हवलदार दुर्गा प्रसाद, हवलदार गोविंद सिंह, हवलदार किशन सिंह, हवलदार बृजेंद्र सिंह, हवलदार रघुवीर सिंह, हवलदार साहब सिंह, रामवती, भूरी सिंह चौधरी, मानसिंह यादव आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।