जिला स्तरीय कला उत्सव संपन्न
बून्दी, 20 अक्टूबर। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार जिला स्तरीय कला उत्सव का आयोजन आज शुक्रवार को अतिरिक्त जिला परियोजना समग्र शिक्षा द्वारा महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महावीर कुमार शर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र कुमार व्यास द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस दौरान डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों को कला के विभिन्न गुण तथा कोई भी एक कला जीवन में पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना कर उसमें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में 10 विद्याओं में शास्त्रीय नृत्य, पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत वादन , दृश्य कलाएं इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। द्वितीय सत्र में डॉ. महावीर शर्मा ने विजेता एवं उप विजेताओं को पुरस्कार वितरण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया एवं राज्य स्तर के लिए चयनित विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी। इस दौरान एपीसी सुनीता कटरा कार्यक्रम अधिकारी राजेश मीणा ,सुनील कुमावत एवं स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य कनक शर्मा मौजूद रहे। संचालन कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार नागर ने किया।