संभागीय आयुक्त और जिला कलक्टर डीग ने किया चैकपोस्ट का निरीक्षण

-वाहनों की सघन जॉच कर प्रतिबंधित सामग्री के निरीक्षण के दिये निर्देश

डीग, विधानसभा चुनाव में प्रतिबंधित सामग्री के परिवहन एवं आदर्श आचार संहिता की पालना के लिये गठित किये गये चैकपोस्टों का शुक्रवार को संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा और जिला कलक्टर डीग शरद मेहरा ने आकस्मिक निरीक्षण कर वाहनों की सघन जॉच कर प्रतिबंधात्मक सामग्री के परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिये। संभागीय आयुक्त ने बताया कि चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्षता से सम्पन्न कराने के लिये जिले में एएसटी, एसएसटी एवं एफएसटी टीमों के साथ स्थाई चैकपोस्टों का गठन किया गया जिसमें प्रत्येक वाहनों की जॉच के साथ प्रतिबंधित सामग्री व नकदी के परिवहन पर रोक लगाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बीमा चेक पोस्ट पहाड़ी पर बनाये गये निगरानी दल का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को चुनाव आयोग की गाइड लाईन के अनुसार वाहनों की सघन जॉच करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि लगातार 24 घंटे प्रत्येक टीम वाहनों की जॉच के साथ प्रतिबंधात्मक सामग्री या नकदी पाये जाने पर चुनाव आयोग की गाइड लाईन के अनुसार त्वरित कार्यवाही करें। उन्होंने चैक पोस्ट पर वाहनों की जॉच के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था एवं कैमरा टीम को हमेशा सक्रिय रखने के निर्देश दिये। उन्होंने बीमा चेक पोस्ट पहाड़ी, सुन्हेरा चेक पोस्ट कामां, धमारी चेक पोस्ट, गोपालगढ़, अमरूका का आकस्मिक निरीक्षण किया जहॉ एसएसटी टीम ,अर्धसैनिक बल व पुलिस के जवान मुस्तैदी से पाये गये। अधिकारियों ने जॉच रजिस्टर का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये।