जयपुर। ईडी लगातार नेशनल हेराल्ड मामला में गांधी परिवार पर शिकंजा कसती जा रही है। एएनआई के मुताबिक राहुल गांधी के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए 21 जुलाई को उसके सामने पेश होने को कहा है।
बता दें कि इससे पहले सोनिया गांधी को ईडी के द्वारा 23 जून के लिए दूसरा नोटिस जारी किया गया था, लेकिन 75 वर्षीय कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के कारण ईडी कार्यलय मे पेश नहीं हो सकी। सोनियाा गांधी को "कोविड -19 के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद घर पर आराम करने की सख्त सलाह दी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि बीमार अंतरिम कांग्रेस प्रमुख ने समन को चार सप्ताह के लिए टालने की मांग की थी और इसलिए उन्हें 21 जुलाई को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष को पहले 8 जून को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन जब उन्होंने कोविड के लिए सकारात्मक रिपोर्ट दी, तो 23 जून के लिए समन जारी किया गया। इससे पहले ईडी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से इस मामले में एजेंसी ने पांच दिनों तक चले सत्र में 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की है।
गौरतलब है कि गांधी परिवार के खिलाफ ईडी की जांच कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है, जो नेशनल हेराल्ड अखबार का मालिक है। समाचार पत्र एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) द्वारा प्रकाशित किया जाता है और यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व में है। केंद्रीय एजेंसी ने पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन बंसल से जांच के तहत पूछताछ की थी।