शिक्षा मंत्री ने किया शिविर का अवलोकन, प्रत्येक गरीब व्यक्ति को सामान्य वर्ग में लाना ही मुख्य उद्देश्य-शिक्षा मंत्री

-प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम का आमजन ने देखा सीधा प्रसारण


कोटा 8 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के खैराबाद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पीपाखेड़ी व लक्ष्मीपुरा के शिविर का शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अवलोकन किया। शिविर में प्रधानमंत्री द्वारा संवाद कार्यक्रम को सभी अधिकारियों एवं आमजनों द्वारा लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है जिसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

शिक्षा मंत्री ने कहा प्रत्येक गरीब व्यक्ति को सामान्य वर्ग में लाना ही मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लाभार्थी अपनी योजनाओं से जुड़े अनुभव एवं उसका लाभ प्राप्त कर उनके जीवन में आए बदलाव को आमजन से साझा करें ताकि अन्य वंचित पात्र नागरिक भी योजनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने शिविर में लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया एवं लाभार्थियों को माला एवं महिलाओं को साड़ी भेंट कर उनको सम्मानित भी किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत आदि लाभार्थियों से संवाद कर अन्य लोगों को भी योजनाओं का लाभ देने हेतु प्रेरित किया गया।

श्रमदान कर स्वच्छ भारत का दिया संदेश-
उन्होंने पीपाखेड़ी के सामुदायिक भवन में स्वयं श्रमदान कर स्वच्छ भारत का संदेश देकर आमजन को प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी ममता तिवाडी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम अनिल सिंघल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक मौजूद रहे।

नगर निकाय सांगोद में लगा शिविर-
विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत सांगोद में नगर पालिका डोम में शिविर का आयोजन किया गया। जिनमे जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी देकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाओं को सम्मानित किया। बडी संख्या में यहां आमजन ने योजनाओं का जानकारी प्राप्त की और उनसे लाभान्वित हुए।

जिला नोडल अधिकारी ममता तिवारी ने बताया बताया कि शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्रों एवं संस्थाओं को सम्मानित कर उनको प्रोत्साहित किया गया। मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अनुभव साझा किये ताकि अन्य व्यक्ति भी योजनाओं का लाभ ले सकें। शिविर में विकसित भारत के लिए आमजन को शपथ भी दिलवाई गई एवं धरती कहे पुकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का संदेश भी दिया गया। शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान भारत योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि एवं आधार अपडेशन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

यहां लगेंगे शिविर-
9 जनवरी को नगर निकाय क्षेत्र कैथून में ईदगाह चौक में शिविर लगेगा। इसी तरह 9 जनवरी को पंचायत समिति सांगोद की लबानिया व बपावरकलां एवं खैराबाद की अरनियाकलां व सलावदखुर्द में प्रचार वाहन पहुंचेगा एवं शिविर लगेंगे।