मतदान प्रक्रिया पर रहेगी निर्वाचन विभाग की सीधी नजर

-संवेदनशील सहित जिले के आधे मतदान केंद्रों से होगा सीधा प्रसारण


-सेक्टर अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर्स व वेबकास्टिंग सुपरवाईजर को दिया प्रशिक्षण

बूंदी, 26 अक्टूबर। जिले में विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर्स व वेबकास्टिंग सुपरवाइजर का प्रशिक्षण गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों पर की जाने वाली लाइव वेबकास्टिंग व होम वोटिंग सुविधा की विस्तार से जानकारी दी।

भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार इस बार जिले के संवेदनशील सहित 50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों की मतदान प्रक्रिया पर सीधे निर्वाचन विभाग व प्रशासनिक अमले की नजर रहेगी। दक्ष प्रशिक्षक चंद्र प्रकाश राठौर, नवनीत जैन, अनिल खत्री, हेमंत झा, कौशल किशोर जैन, अवधेश सिंह एवं विकास मीणा ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के रखरखाव व उपयोग के बारे में प्रायोगिक जानकारी भी दी गई।