मुख्यमंत्री सहायता कोष से कोटा के करंट हादसे में आर्थिक सहायता स्वीकृत
-मुख्यमंत्री ने जनहानि पर व्यक्त की शोक संवेदनाएं
कोटा 10 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने महाशिवरात्रि के अवसर पर कोटा में शिव बारात के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई जनहानि पर संवेदनाएं व्यक्त की है एवं पीड़ित परिजन व घायलों के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने शोक संवेदनाओं में कहा है कि उक्त हादसे में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से हादसे में काल कवलित हुए मासूम बच्चे के परिजन को 5 लाख, जयपुर रेफर गंभीर रूप से घायल बच्चों को 1 लाख तथा कोटा में उपचाररत घायल बच्चों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री सहायता कोष नियमों में शिथिलता प्रदान कर अपवाद स्वरूप उक्त सहायता राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना से सहायता देय नहीं होने की स्थिति में ही मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता देय होगी।