पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने किया स्वर्णप्राशन शिविर का शुभारंभ
बूंदी, 25 जनवरी। पुष्यनक्षत्र के अवसर पर बालचंदपाडा स्थित राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय बूंदी में शुक्रवार को बच्चों में रोगप्रतिरोधक क्षमता, मेधाशक्ति स्तर बढ़ाने तथा सर्वांगीण विकास के लिए निशुल्क स्वर्णप्राशन/आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन शिविर का आयोजन किया गया।
पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने आरोग्य भगवान धन्वंतरि जी का दीप प्रज्वलन , माल्यार्पण कर तथा बच्चों को स्वर्ण प्राशन औषधि पिलाकर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प के विजन को धरातल पर साकार करने के लिए जिला आयुर्वेद चिकित्सालय बूंदी द्वारा किए जा रहे कार्यों को सराहते हुए चिकित्सालय के विस्तार की योजनाओं को यथाशीघ्र स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ रमेशचंद जैन, पीएमओ पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ सुनील कुशवाह, आंचल प्रसूता केंद्र प्रभारी डॉ पारूल सोनी,जरावस्था केंद्र प्रभारी डॉ विजेंद्र कुमार, आरोग्य समिति के ध्रुव व्यास,केसी वर्मा, रेडक्रास सोसायटी के राजेंद्र रावका, अशोक विजय,पुरुषोत्तम पारीक, पार्षद मनीष सिसोदिया, लोकेश गौतम समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।इस अवसर पर पंचकर्म विशिष्टता कैंद्र में सुशासन दिवस 25 दिसंबर से संचालित 30 दिवसीय पंचकर्म चिकित्सा शिविर का विधिवत समापन भी हुआ, जिसमें देश के 5 राज्यों के 15 जिलों के 2771 जटिल - कष्टसाध्य रोगी उपचारित हुए।
इस अवसर पर चिकित्सालय में रोगी सुविधाएं बढ़ाने के लिए सहयोग(संविदाकर्मी पंचकर्म सहायकों का वेतन,औषधि, इन्वर्टर,प्रिंटर,रूम हीटर,फर्नीचर आदि) करने वाले भामाशाहों गोदरेज ग्रुप,वाराणसी के अशोक कुमार पाण्डेय, मुकेश गुर्जर, रेडक्रास सोसायटी के प्रतिनिधियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर नवम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन में सहयोग करने वाले 11 योग प्रशिक्षकों दीपक गुर्जर,शक्ति तोषनीवाल,डॉ सरला कुशवाह, चांदनी वरयानी,प्रांशु गहलोत,सोनू सैनी,हेमलता सेन आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।