पूर्व विधायक ममता शर्मा व समृद्ध शर्मा ने ली पुनः कांग्रेस की सदस्यता

-मेरे लिये घर-वापसी का यह क्षण बेहद भावुक- ममता शर्मा

बूंदी 26 अक्टूबर। पूर्व विधायक ममता शर्मा ने बताया की आज झूँझनू में कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मैंने एक बार पुनः कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मेरे लिये घर-वापसी का यह क्षण बेहद भावुक इसीलिए भी था कि मुझे गांधी-नेहरू परिवार के सदस्य के सामने अपनी पुरानी पार्टी को जॉइन करने का मौक़ा मिला। जिस परिवार में मैं ब्याही गई और जिस परिवार में मेरे जीवन के क़रीब पचास साल गुजरे, उस परिवार का कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार से बेहद गहरा रिश्ता रहा। भाजपा में जाना मेरे लिए एक कठिन फ़ैसला था जिसे मैंने बाद में अपनी भूल के रूप में कई बार स्वीकार किया। पिछले इन पाँच वर्षों में भी मैं अपने आपको कांग्रेस के सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं से अलग नहीं रख सकी। आज मुझे बेहद ख़ुशी है कि मैं एक बार फिर अपने कांग्रेस परिवार का हिस्सा बन सकूँगी और उसकी नीतियों और योजनाओं के लिये काम कर सकूँगी।

इन पिछले कुछ सालों में विशेषकर 2 घटनाओं ने मुझे एक बार फिर कांग्रेस परिवार में आने के लिए विवश किया। मैंने देखा कि किस तरह राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से न सिर्फ़ एक आम हिंदुस्तानी के मन में अपने लिए एक ख़ास स्थान बनाया बल्कि आम कांग्रेसी के मन में भी उनके प्रति एक गहरी श्रद्धा का भाव बना। राहुल जी का नफ़रत की राजनीति के ख़िलाफ़ संदेश हम सबको अपने-अपने दिलों में मोहब्बत की दुकानें खोलने के लिए प्रेरित करता है। कांग्रेस अपने धर्म निरपेक्षिता के सिद्धांत पर आज भी अड़िग है। मैं भी नफ़रत को मिटाने और सभी धर्मों में मुहब्बत फैलाने के लिए कटिबद्ध हूँ।

दूसरा कारण अभी हाल ही में पारित महिला आरक्षण विधेयक है। बूंदी से दो बार विधायक, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष, और बाद में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष होने के नाते मैंने महिला राजनीति को बेहद नज़दीक से देखा। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने इस विधेयक के लिए सबसे अधिक काम किया और इस विधेयक का पास होना श्रीमती सोनिया गांधी की व्यक्तिगत उपलब्धि है। विधेयक के पास होने के बाद भाजपा की केंद्र सरकार ने उसे लागू करने में जो देरी दिखाई है वह उचित नहीं है तथा इस विधेयक के प्रति भाजपा की मंशा पर सवाल पैदा करता है। मैं व्यक्तिगत रूप से श्रीमती सोनिया गांधी को महिला आरक्षण के आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए धन्यवाद देती हूँ।

पिछले पाँच सालों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने आम लोगों और प्रदेश के समग्र विकास के लिये जो काम किए हैं उनकी वजह से आज एक आम राजस्थानी का जीवन न सिर्फ़ आसान हुआ है बल्कि एक विकसित राजस्थान की दिशा में अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जन-स्वास्थ्य से लेकर रोज़गार के नये अवसर पैदा करने के लिए कई दूरगामी कदम उठाएँ हैं। मैं प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर एक बार फिर आने वाले चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार बने इसके लिए एक कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह पूरी मेहनत करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।

 मैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे, प्रियंका गांधी, कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेनुगोपाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी रंधावा जी, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सचिन पायलट तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समैत कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती हूँ जिन्होंने मुझे आज एक बार फिर अपने परिवार में आने का मौक़ा दिया। बूंदी जिले की जनता और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के प्रति मेरा विशेष आभार और स्नेह जिनसे कभी भी मेरे या मेरे परिवार के किसी भी सदस्य की कोई दूरी नहीं रही।