निशुल्क शल्य चिकित्सा शिविर आरंभ, शल्य चिकित्सा का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी सुगमता से उपलब्ध कराया जाएगा-शिक्षा मंत्री
-राज्य सरकार चिकित्सकीय सुविधाओं के विकास के लिए संकल्पित-उद्योग मंत्री
कोटा 21 फरवरी। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगंजमंडी में निशुल्क शल्य चिकित्सा एवं विशाल नेत्रदान चिकित्सा शिविर का शुभारंभ बुधवार को हुआ।मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ थे, शिक्षा पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने अध्यक्षता की। शिविर में शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा एवं शल्य चिकित्सा का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी सुगमता से उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का आयोजन बहुत ही कम देखने को मिलता है जहां इतनी संख्या में लोग चिकित्सा की सुविधाओं का लाभ ले रहे हों। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी चिकित्सकीय सुविधाओं के विकास विस्तार के लिए संकल्पित है। प्रदेश के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा 10 हजार जन औषधि केंद्र खोले जा चुके हैं जहां सस्ती और सही दवाइयां नागरिकों के घरों तक पहुंचाईं जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक स्वच्छ व स्वस्थ रहेंगे तो क्षमता में भी अभिवृद्धि होगी और देश प्रगति के पथ तेजी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हम आने वाले समय में खेलो इंडिया खेलो की तर्ज पर राजस्थान में भी खेलकूद गतिविधियों का आयोजन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के लिए भी कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही है। आने वाले समय में उद्योग श्रमिक के माध्यम से उद्योगों को किस प्रकार से आसान बनाया जाए, प्रवासी भारतीयों को या राजस्थानियों को किस प्रकार से राजस्थान में उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
शिविर का किया अवलोकन-
उद्योग मंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने शिविर का अवलोकन कर एक-एक रोगी से बात की एवं तीमारदारों से शिविर में दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
शिक्षा मंत्री एवं उद्योग मंत्री ने सीएचसी परिसर में बने नवीन पशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के नव निर्मित पुस्तकालय का भी लोकार्पण किया गया।
शिविर में मिलेगा इन रोगियों को लाभ-
शिविर में नाक-कान-गला, हर्निया, अपेन्डिक्स, गॉल ब्लेडर, पित्त की थैली में स्टोन, भगंदर-मस्सा, रसौली, महिलाओं के रोग, बच्चेदानी की गांठ, महावारी संबंधित रोग, अंडाशय की गांठ के ऑपरेशन, नेत्र चिकित्सा में मोतियाबिंद, काला पानी, नाखूना, पलकबंदी के ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, दांत रोग में सभी बीमारियों के परामर्श व उपचार, अस्थि रोग में सभी बीमारियों का जांच और अन्य ऑपरेशन किए जाएंगे। भर्ती किए गए सभी मरीजों की लेबोरेट्री, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य सभी जांच निशुल्क की जाएगी।
ये रहे उपस्थित-
शिविर में खैराबाद पंचायत समिति प्रधान कलावती मेघवाल, उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर, एसडीएम रामगंजमंडी अनिल सिंघल, सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी, भारत विकास परिषद के श्याम शर्मा सहित मंगलम सीमेंट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।