जयपुर। प्रदेश के बीकानेर जिले के एग्रीकल्चर कॉलेज में एक छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र का नाम प्रदीप कुमार मेघवाल है और वह चितावा नागौर का रहने वाला था। एग्रीकल्चर कॉलेज में फोर्थ ईयर का स्टूडेंट था। छात्र ने एक सुसाइड नोट भी छोडा जिसमें उसने मरने की वजह को बताया।
सुसाइड नोट के अनुसार प्रदीप अपनी किसी जुनियर छात्रा से बात करता था। लड़की से बात करने पर उसके साथ पढ़ने वाले चार लड़के रविन्द्र जाट निवासी परबतसर, गगन अभिजीत सिंह जाट निवासी डेगाना, राजकुमार बिजारणियां निवासी जोबनेर व शीश पाल जाट निवासी जोबनेर उसे परेशान करते थे। ये चारों प्रदीप को लडकी से बात नहीं करने और उससे मिलने के लिए मना करते थे। ये चारों उसे जान से मार देने की धमकी देते थे और प्रदीप के रूम में आकर उसके साथ मारपीट करते और उसे पेरशान करते थे। व्हाट्सएप के माध्यम से प्रदीप को धमकी भरे मैसेज भी किये जिन्हें प्रदीप ने अपने भाई को भी बताया। इस बात से परेशान प्रदीप ने एक बार ट्रक के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की लेकिन बच गया। बाद में प्रदीप ट्रेन के आगे कूद गया और आत्महत्या कर ली।
प्रदीप के भाई ने चारों लडकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है। साथ ही धमकी भरे मैसेजों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दे दिये हैं। एफआईआर में बड़े भाई ने आरोप लगाया गया है कि फर्स्ट ईयर की एक लड़की के साथ बातचीत करने से चारों छात्र नाराज थे। इन लोगों ने जातिगत आधार पर प्रदीप को बात करने से मना किया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।