गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय समारोह
कोटा 24 जनवरी। गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल बुधवार को महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में किया गया। अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा ने राष्ट्रगान के उपरांत परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
रिहर्सल के अवसर पर पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों, एनसीसी तथा विद्यालयी बच्चों द्वारा पुलिस बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया गया। विद्यार्थियों द्वारा शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया गया। सामूहिक नृत्य, सामूहिक गान की प्रस्तुति भी की गई।
सांस्कृतिक संध्या आज-
गणतंत्र दिवस पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रीनाथपुरम यूआईटी ऑडिटोरियम में 6ः30 बजे से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक एवं देश भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
जिला स्तरीय समारोह में होंगे विविध कार्यक्रम-
गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह 26 जनवरी को महाराव उम्मेद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9ः05 बजे शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण, 9ः15 बजे समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि आगमन, ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, मार्चपास्ट, महामहिम राज्यपाल का संदेश
पठन आदि कार्यक्रम होंगे।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध सैनिक वीरांगनाओं का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पारितोषिक वितरण, सामूहिक व्यायाम, सामूहिक गान, सामूहिक नृत्य, झांकी प्रदर्शन, बैंड प्रदर्शन तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। दोपहर 1 बजे जिला प्रशासन एवं जन प्रतिनिधि नगर निगम के मध्य क्रिकेट मैच का आयोजन जेके पेवेलियन स्टेडियम में किया जाएगा। अपरान्ह 3 बजे महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में स्काउट गाइड रैली का आयोजन भी किया जाएगा।