बूंदी, 10 मार्च। नेहरू युवा केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 'मेरा भारत-विकसित भारत' की थीम पर जिला खेल संकुल स्टेडियम में जिलास्तरीय नारी शक्ति फिटनेस रन आयोजित की गई। दौड़ में उत्साहित व स्फूर्तिवान नवयुवतियो व बालिकाओं ने भाग लेकर क्षमता का प्रदर्शन किया। केन्द्र से जुड़े योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नारी शक्ति व युवतियों को शारीरिक रूप से सक्षम व उनकी फिटनेस के प्रति जागरूकता लाना है, ताकि वे भी स्वास्थ्य के प्रति सजग हो।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि फिटनेस प्रेरक वैशाली चौधरी रही। अध्यक्षता प्रभारी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका संतोष रेगर ने की। विशिष्ट अतिथि सह-प्रभारी बॉक्सिंग कोच सियाराम गोचर रहे। मुख्य अतिथि चौधरी ने महिलाओं व युवतियों के प्रति सम्मान एवं नारी व बालिका शक्ति को स्वस्थ व निरोगी रखने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि दौड़ व अन्य संक्रियाओ से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी बढ़ोतरी होती हैं। उन्होंने सभी से दिनचर्या में स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी रेगर ने व्यायाम की महत्ता बताते हुए स्वास्थ्य संबंधी क्रियाकलापों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी।