खेड़ारूद्धा में सरकार आपके द्वार शिविर का हुआ आयोजन

-पहला समस्या समाधान शिविर आयोजित, तय समय में हो परिवादो का निस्तारण- पंचायती राज मंत्री


कोटा 23 फरवरी। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खेड़ारूद्धा तहसील चेचट में शुक्रवार को ‘‘ सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम के साथ पहला समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा विभाग मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सभी निस्तारण योग्य परिवादो का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। अगर किसी परिवाद के समाधान में समय लगता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी को परिवाद की समाप्ति की समय अवधि बतानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी एवं कार्मिक भी उनके  परिवार के सदस्य हैं सभी सामूहिक प्रयास से जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा अगर नियमों के चलते कोई काम नहीं किया जा सकता है तो ऐसे में किसी अधिकारी या कार्मिक पर मिथ्या दोषारोपण न किया जाए। उन्होंने कहा सभी विभाग परिवादो के दो रजिस्टर संधारित करें। जिसमें एक परिवाद की सूची फॉलो अप के लिए शिक्षा मंत्री स्वयं के पास रखेंगे एवं अपने कार्यालय से भी प्रत्येक परिवाद का फॉलोअप कराना सुनिश्चित करेंगें।

शिक्षा मंत्री ने कहा प्रत्येक माह रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग स्थान को चिन्हित कर समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविर में श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग ,राजस्व विभाग ,महिला बाल विकास  विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आदि द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान कर  लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में शिक्षा मंत्री द्वारा दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर एवं बैग भी प्रदान किये गए। शिविर में उज्जवला योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस कनेक्शन की वितरण किया गया। शिविर में अतिक्रमण, रास्ते, सीमा ज्ञान, स्वच्छता संबंधी परिवाद अधिक संख्या में आए।

शिक्षा मंत्री ने कहा प्रदेश में महिलाओं की गरिमा सर्वाेपरि है महिलाओं के गौरव एवं गरिमा से किसी भी तरह का कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा महिलाओं से दुर्व्यवहार करने वाले सरकारी कार्मिक एवं व्यक्ति सावधान रहें।

शिविर में शिक्षा मंत्री ने कहा की छात्र एवं कार्मिक अपने शिक्षा एवं कार्य के प्रति ईमानदार रहे एवं किसी भी धार्मिक कार्य के लिए कार्यालय एव विद्यालय से  अनुपस्थित ना रहे। उन्होंने कहा सभी धर्म सम्मानीय हैं सभी नागरिकों को घर पर अपने धर्म की पालना करनी चाहिये। उन्होंने कार्यक्षेत्र में निष्पक्ष होकर  जनता की सेवा करनी चाहिए एवं विद्यालय परिसर में शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने शिक्षा मंत्री का अभिनंदन कर समस्या समाधान शिविर के आयोजन के लिए आभार जताया।

शिविर में प्रधान कलावती, उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच सहित उपखण्ड अधिकारी अनिल सिंघल, डीएसओ पुष्पा हरवानी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चारु मित्रा सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जगदीश सोनी, ऐसीईओ जिला परिषद मज़हर इमाम सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।