Gujarat: स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास 15 इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा में लगी आग, कारण पता लगाने में जुटी पुलिस

जयपुर।  गुरुवार को  गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास पर्यटकों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 15 इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा में आग लगने की खबर सामने आ रही है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बैटरी  चार्जिंग माना जा रहा था लेकिन  स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एरिया डेवलपमेंट एंड टूरिज्म गवर्नेंस अथॉरिटी (SOUADTGA) ने इस बात का खंडन कर दिया।  एक अधिकारी ने कहा कि एक निजी फर्म स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा करने वाले पर्यटकों के लिए 90 से अधिक इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा के बेड़े का प्रबंधन करती है और स्थानीय आदिवासी महिलाओं को चालक के रूप में नियुक्त करती है।

SOUADTGA द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि "गुरुवार की तड़के केवड़िया गांव के पास एक चार्जिंग स्टेशन पर खड़े 15 ऑटो-रिक्शा में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ऑटो चार्जिंग स्टेशन से 35 फीट दूर खड़े थे, जो साबित करता है कि बैटरी चार्ज करने के दौरान रिक्शा में आग नहीं लगी।"  स्थानीय अग्निशमन दल के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग को पास में खड़े अन्य इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों में फैलने से पहले ही बुझा दिया। निजी फर्म ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आग लगने के सही कारण का पता लगाने की मांग की है।


बता दें कि वडोदरा शहर से 100 किमी दूर केवडिया के पास भारत के पहले गृह मंत्री वल्लभभाई पटेल की मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी है। 182 मीटर ऊंची इसे दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है