राजस्थान में मुख्यमंत्री के बदलाव को लेकर हरीश चौधरी ने दिया बड़ा बयान, कहा गहलोत को

जयपुर। पंजाब में कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के बदले जाने के बाद अब राजस्थान में भी चर्चाओं का दौरा बना हुआ है। कयास लगाये जा रहें हैं कि क्या कांग्रेस आलाकमान राजस्थान में भी ऐसा कुछ करने की सोच रहा है। इस मामले पर कांग्रेस नेताओं के अलग अलग बयान सामने आते रहे हैं।
राजस्थान के राजस्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस में ऑब्जर्वर रहे हरीश चौधरी ने राजस्थान में नेतृत्व बदलाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राजस्थान- की तुलना पंजाब से नहीं कर सकते, क्योंकि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को 100 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है। जबकि पंजाब में कांग्रेस में ऐसा नहीं था। पंजाब में ज्यादातर विधायक मुख्मंत्री बदलना चाहते थे, इसलिए सीएम को बदला गया। हरीश ने कहा कि पंजाब के बदलाव में मेरा ऑब्जर्वर के रूप में सीमित रोल था। मीडिया से बात करते हुए हरीश ने कहा कि पंजाब में लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री का बदलाव किया गया है। चौधरी ने कहा- गहलोत का दिल्ली जाने का कार्यक्रम था जो स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते नहीं जा सके थे।
अशोक गहलोत को आलाकमान का बुलावा
पिछले दिनों में सचिन पायलट दो बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। वहीं एक बार प्रियंका गांधी से भी मुलाकात हुई। अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दिल्ली से आलाकमान का बुलावा आया है। ऐसे में तय माना जा रहा है कि राजस्थान की राजनीति में कुछ बड़े बदलाव होने वाले हैं।