उत्तराखंड में भारी बारिश से आयी बाढ़, पुल नष्ट हुए, 16 लोगों की मौत

जयपुर। उत्तराखंड में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हो रही है। इस भारी बारिश के कारण बाढ आ गई है, और पूरे प्रदेश में अफरा-तफरी और तबाही मच गई है। भारी बारिश के कारण सड़कों और इमारतों में पानी भर गया है, पुल नष्ट हो गए हैं और नदियां उफान पर आ गई हैं।
भारी बारिश के कारण भूस्खलन भी हुआ जिससे चंपावत जिले में एक घर ढह गया और मजूदर इसके नीचे दब गये । यहां 16 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। मकान, पुल आदि क्षतिग्रस्त हो गए हैं और अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव कार्यों के लिए तीन सनेा हेलीकॉप्टर तैनात किए जाएंगे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान के साथ उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने बताया कि अब बारिश में कमी हो जायेगी और छिटपुट बारिश देखी जा सकती है।
भारी बरसात के कारण नैनीताल झील उफान पर है, चलथी नदी पर बना एक निर्माणाधीन पुल भी बह गया है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में गौला नदी के पास काठगोदाम और दिल्ली को जोड़ने वाली रेलवे लाइन का एक हिस्सा आज इस क्षेत्र में भारी बारिश के बीच क्षतिग्रस्त हो गया।
इसी बीच उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कहर के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से लोगों की हर संभव मदद करने को कहा।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, "उत्तराखंड से आपदा से हुए नुकसान की दुखद खबर आ रही है। मैं बाबा केदारनाथ से सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में लोगों की हर संभव मदद करने की अपील करता हूं।"