किसान का खेत हरा तो सबका पेट भरा-महादेव सिंह खण्डेला राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष ने कृषक संवाद कार्यक्रम में किसानों की मांगों को सुना

किसान का खेत हरा तो सबका पेट भरा-महादेव सिंह खण्डेला
राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष ने कृषक संवाद कार्यक्रम में किसानों की मांगों को सुना

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग


बारां, 18 नवम्बर। राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष महादेव सिंह खण्डेला ने कहा कि किसान का खेत हरा होगा तभी सबका पेट भर सकेगा। राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों की खाद, बीज, सिंचाई, अनुदान, बिजली सहित समस्त आवश्यकताओं की पूर्ति संकल्पबद्धता के साथ की जा रही है।
राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष शुक्रवार को बारां में ‘‘कृषक संवाद कार्यक्रम’’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत किसानों के हितों को लेकर संवेदनशील है और इसी कारण उन्होंने समूचे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर ‘‘कृषक संवाद कार्यक्रम’’ के माध्यम से किसानों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को समझते हुए सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए है। बारां जिला अन्नपूर्णा नगरी है और यहां सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलबध है। किसानों ने संवाद के दौरान फसल बीमा क्लेम, उर्वरक आपूर्ति, दिन में बिजली, अनुदान आदि के संबंध में अवगत कराया है जिसके अनुरूप किसानों को राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि जिले की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है और क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा से फसल खराबा होने पर किसानों को नुकसान होता है। फसल बीमा क्लेम की राशि किसानों को आगामी 15 दिसम्बर से पूर्व मिल जाएगी। किसानों के खेतों पर रास्ते की समस्या के समाधान के लिए संबंधित एसडीएम व तहसीलदान को प्रार्थना पत्र देने पर समस्या का निस्तारण कर दिया जाएगा। जिले में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है अतः किसान परेशान होकर आवश्यकता से अधिक संग्रहण ना करें जितनी आवश्यकता है उतना ही उर्वरक प्राप्त करें। इस मौके पर स्वागत उद्बोधन उपनिदेशक कृषि अतीश कुमार शर्मा ने दिया। आभार उपनिदेशक कृषि व परियोजना निदेशक सतीश कुमार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य डॉ. जीएल केशवा, राजेश मान, एसके जैन, डॉ. एसके खंडेलवाल, ओपी खरड़, प्रगतिशील महिला किसान सोहनी चौधरी, किसान आदि मौजूद रहे। संचालन सुनील शर्मा ने किया।
किसानों ने समस्याएं बताई-
कृषक संवाद कार्यक्रम में किसानों ने राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष महादेव सिंह खण्डेला के समक्ष अपने सुझाव, आवश्यकताएं एवं मांगों को प्रस्तुत किया। किसान मानसिंह मीणा ने कहा कि जैविक प्रमाणिकरण जिला स्तर पर होना चाहिए। किसान बालकिशन मीणा ने कहा कि मुख्य व गौण मंडियों का विस्तार एवं सुदृढीकरण किया जाना चाहिए। किसान महेश नागर ने कहा कि जैविक कृषि के तहत 3 वर्ष तक अनुदान दिया जाना चाहिए। किसान पुरूषोत्तम शर्मा ने कहा कि कृषि उपकरणों को जीएसटी से मुक्त किया जाना चाहिए। किसान प्रदीप सिंह ने ब्लॉक स्तर पर कृषि अधिकारी का पद सृजित करने की मांग की। किसान मेघराज मीणा ने आवारा पशुओं की समस्या का निदान करने की बात कही। किसान राधेश्याम ने कहा कि किसान को फसल बीमा क्लेम का भुगतान समय पर किया जाना चाहिए। इसी प्रकार कई किसानों ने कृषि नवाचार, सुधार, बिजली की पर्याप्त आपूर्ति के संबंध में संवाद किया।