इम्यूनिटी महाभियान की हुई शुरुआत
बून्दी, 28 अक्टूबर। आमजन को मौसमी बिमारियों से बचाव, उपचार तथा रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बालचंदपाडा स्थित राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में आज से इम्यूनिटी महाभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार पारीक ने आमजन को आयुर्वेदिक औषधियों से निर्मित काढ़ा पिलाकर महाभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर चिकित्सालय प्रभारी डॉ सुनील कुशवाह, डॉ विजेंद्र कुमार, कम्पाउंडर हीरालाल बैरवा, तेजमल प्रजापत, रामप्रकाश वर्मा, वर्षा धाबाई, जाकिर हुसैन समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रभारी डॉ सुनील कुशवाह ने बताया कि शरद ऋतु 2 ऋतुओं का संधिकाल है,जिसमें व्यक्ति की सामान्य रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है, जिससे खांसी, जुकाम, अस्थमा, बुखार, वायरल,डेंगू ,जोड़ों का दर्द, पेट, चमड़ी रोग बढ़ जाते हैं। इस मौसम में होने वाले सामान्य संक्रमणों से बचाव के शरद ऋतुचर्या का पालन तिक्त कषाय मधुर औषधियों से निर्मित आयुर्वेदिक काढ़ा काफी कारगर है। अष्टम आयुर्वेद दिवस के आयोजन की श्रृंखला में चिकित्सालय में शुरू हुए इस इम्यूनिटी महाभियान के तहत प्रतिदिन आमजन को आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया जायेगा। इम्यूनिटी किट तथा स्वास्थ्य जागरूकता स्वस्थ जीवनशैली प्रपत्रों का वितरण भी किया जायेगा ।