दो राजकीय विद्यालयों में हुए कार्यों का किया लोकार्पण
कोटा 4 अक्टूबर। आरएसजीएल द्वारा कोरपोरेट सोशियल सिक्योरिटी (सीएसआर) के तहत राजस्थान राज्य गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने कोटा के दो सरकारी विद्यालयों राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रेम नगर तृतीय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामचंद्रपुरा छावनी में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
प्रबंध निदेशक ने निजी व सरकारी क्षेत्र के उपक्रमों से सीएसआर के तहत जनहितकारी विकास कार्यों में भागीदारी निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थाओं व औद्योगिक प्रतिष्ठानों का भी अपना सामाजिक दायित्व होता है और इसे सीएसआर के तहत आसानी से किया जा सकता है।
आरएसजीएल के उप महाप्रबंधक (ऑपरेशन) सीपी चौधरी ने सीएसआर के अंतर्गत इन विद्यालयों को चयनित किया और इनकी जीर्णक्षीण हो चुके भवनों के जीर्णाेधार की जिम्मेदारी ली। कॉंट्री फाउंडेशन के सहयोग से दोनों विद्यालयों में वाटरप्रूफिंग, प्लास्टर कार्य, खिड़की एवं दरवाजों की मरम्मत, बिजली का कार्य, रंग रोगन और बच्चों के लिए लाभदायक टीचिंग लर्निंग मैटेरियल बनवाया। इसके साथ ही बच्चों के लिए बैठने की सुगम व्यवस्था प्रदान करने के लिए 450 बच्चों के लिए स्टडी टेबल और बैठने के लिए गद्दियों की व्यवस्था भी करवाई गई।
प्रेमनगर विद्यालय की प्रधानाचार्या कांता शर्मा ने बताया कि नवीनीकरण के बाद बच्चों अभिभावकों एवं समुदाय में विद्यालय के प्रति उत्साह बढ़ गया है। रामचंद्रपुरा छावनी विद्यालय की प्रधानाचार्या सरसिज यादव ने बताया कि अब विद्यालय में ज्यादा नामांकन आने लगे हैं। दोनों विद्यालयों के शिक्षकों ने आरएसजीएल द्वारा करवाए गए कार्यों की प्रशंषा की।
इस अवसर पर आरएसजीएल के डीजीएम प्रोजेक्ट आनंद आर्य, डीजीएम आपरेशन सीपी चौधरी, डीजीएम मार्केटिंग विवेक रंजन, डीजीएम सीएण्डपी विवेक श्रीवास्तव, सीएस रवि अग्रवाल, दोनों विद्यालयों की प्रधानाचार्य, विद्यार्थीगण व विद्यालय के शिक्षक गण भी उपस्थित रहे।