राज्य स्तरीय अंतर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
-खेल में हार हो या जीत लेकिन प्रदर्शन में हार न मानें-ऊर्जा मंत्री
कोटा 4 मार्च। राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में सोमवार को राज्य स्तरीय अंतर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में खेल भावना के साथ आगे बढ़े और सफलता की ऊँचाईयां छूएं। खेल में हार हो या जीत लेकिन प्रदर्शन में हार न मानें।
ऊर्जा मंत्री ने खेल ध्वजारोहण किया तथा खिलाड़ियों के मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर खेल प्रतियोगिता में प्रदेश के 29 राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों के 450 से अधिक छात्र-छात्रा भाग ले रहे हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि हमारा देश युवा देश है जो संस्कार और संस्कृति के पुर्नजागरण के इस दौर का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ते रहें तो सफलता अवश्य मिलेगी। ऐसे संकल्पित युवाओं से ही 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा और देश फिर एक बार विश्व गुरू बनेगा।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि पूरा विश्व आज हमारी युवा शक्ति की ओर देख रहा है। हमारे युवाओं की प्रतिभा से नए-नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता भारत विश्व में मान-सम्मान अर्जित कर रहा है। महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी विवेक राजवंशी, दिनेश विजय, विनोद मंगन तथा पूर्व प्राचार्य संयुक्त निदेशक आरसी गुप्ता बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
प्राचार्य राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में मुख्य रूप से कबड्डी, वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस एवं शॉटपुट खेलों को शामिल किया गया है। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
आज खेले गए मैच के परिणाम-
टेबल टेनिस में महिला पॉलिटेक्निक उदयपुर की तनिषा जैन विजेता रही, वहीं उपविजेता मरियम महिला पॉलिटेक्निक कोटा रहीं। शॉट पुट में कनिष्क तूनबाल गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज कोटा की विजेता और उपविजेता प्रजापति गवर्नमेंट महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज जोधपुर की कनिष्का रही।